आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने और समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से लेखपाल संघ की ओर से ओबरा तहसील में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 25 यूनिट रक्त एकत्र करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। सोनभद्र के सरकारी अस्पताल से पहुंची मेडिकल टीम की देखरेख में आयोजित इस कार्यक्रम में रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की गई।
लेखपाल संघ के ओबरा तहसील अध्यक्ष कुलदीप सिंह ने बताया कि संघ के आंदोलन के दौरान ही रक्तदान शिविर आयोजित करने की योजना बनाई गई थी। हालांकि, अब आंदोलन वापस हो चुका है, लेकिन रक्तदान सामाजिक, जनहित और राष्ट्रहित से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य है। इसी भावना को ध्यान में रखते हुए संघ ने शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद मरीजों की मदद करना और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना इस पहल का मुख्य उद्देश्य है।
थैलेसीमिया और सिकल सेल के मरीजों को नियमित रक्त की जरूरत –
ऑटोनॉमस ब्लड सेंटर की मेडिकल ऑफिसर डॉ0 पेटीश्री ने रक्तदान शिविर को सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि शिविर सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक आयोजित किया गया। इसमें 25 यूनिट रक्तदान का लक्ष्य रखा गया। मेडिकल टीम का प्रयास है कि अधिक से अधिक रक्त एकत्र कर जरूरतमंद मरीजों की सहायता की जा सके। उन्होंने बताया कि थैलेसीमिया और सिकल सेल एनीमिया से पीड़ित मरीजों को कई बार नियमित रूप से रक्त की आवश्यकता होती है। ऐसे मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के लिए ब्लड सेंटर में पर्याप्त रक्त का भंडार होना जरूरी है। रक्त का निर्माण किसी फैक्ट्री में नहीं होता, बल्कि स्वस्थ लोगों के स्वैच्छिक रक्तदान से ही जरूरतमंदों की मदद संभव हो पाती है।
युवाओं से रक्तदान के लिए आगे आने की अपील –
डॉ0 पेटीश्री ने युवाओं से रक्तदान को लेकर भय और झिझक दूर करने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं और शिक्षित लोगों को आगे आकर रक्तदान करना चाहिए तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए। रक्तदान की छोटी-सी पहल किसी जरूरतमंद मरीज के लिए जीवनरक्षक साबित हो सकती है।
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....





