Sonbhadra News : त्योहारों पर मिलावटखोरी रोकने को खाद्य विभाग की छापेमारी, घी-पनीर समेत साबूदाना के लिए नमूने

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । नवरात्रि और दशहरा पर्व के दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने और आमजन को शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। विभागीय टीम ने राबर्ट्सगंज और चोपन स्थित विभिन्न डेयरियों व खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर घी, पनीर और साबूदाना के नमूने संग्रहित किए। सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक के पास भेज दिया गया है। वहीं, निरीक्षण के दौरान मिली कमियों के आधार पर एक खाद्य प्रतिष्ठान को सुधार नोटिस जारी करने की कार्यवाही की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ और जिलाधिकारी सोनभद्र के आदेश पर सहायक आयुक्त (खाद्य)-II के निर्देशानुसार विभागीय टीम ने 10 अक्टूबर को राबर्ट्सगंज बाजार स्थित आदर्श डेयरी, मधुवन डेयरी और गोकुल डेयरी से घी के एक-एक नमूने संग्रहित किए। इसके अलावा चोपन के मेन रोड, प्रीत नगर स्थित हंस दूध भंडार एवं जनरल स्टोर का निरीक्षण कर घी और पनीर के नमूने लिए गए। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में पाई गई कमियों को दूर करने के लिए संचालक को सुधार नोटिस जारी करने की कार्यवाही की गई।

साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन के निर्देश –

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने डेयरी संचालकों को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने और खाद्य पदार्थों के निर्माण के दौरान निर्धारित मानकों का पालन करने के निर्देश दिए। कर्मचारियों को एप्रन, हैंड ग्लव्स और हेड कवर का इस्तेमाल करने, पेयजल की जांच कराने, पेस्ट कंट्रोल की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा कर्मचारियों के स्वास्थ्य संबंधी फिटनेस प्रमाणपत्र प्राप्त करने के लिए कहा गया। साथ ही परिसर और बर्तनों की नियमित साफ-सफाई बनाए रखने पर जोर दिया गया।

तथागत इंटरप्राइजेज से साबूदाना का नमूना –

विभागीय टीम ने 12 अक्टूबर को राबर्ट्सगंज के तेंदु क्षेत्र स्थित तथागत इंटरप्राइजेज का निरीक्षण कर साबूदाना का नमूना भी संग्रहित किया। विभाग के अनुसार, अभियान के दौरान लिए गए सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक के पास भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now