आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । चोपन थाना क्षेत्र के कोटा ग्राम स्थित पतगढ़ी टोला में पारिवारिक कलह के बीच एक 30 वर्षीय युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कराया और आवश्यक कार्यवाही पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पतगढ़ी टोला निवासी स्व0 सोमारू गोंड़ के पुत्र सिंह लाल गोंड़ ने पुलिस को सूचना दी कि परिवार में पति-पत्नी के बीच विवाद को लेकर कलह चल रही थी। इसी दौरान उनके 30 वर्षीय पुत्र राजेश कुमार ने घर की छत में लगे लोहे के छड़ के सहारे गमछे से फंदा लगा लिया। घटना की जानकारी होते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलने पर चोपन पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। हल्का दरोगा विनोद यादव के अनुसार, “घटनास्थल की जांच के लिए फील्ड यूनिट को बुलाया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक जांच-पड़ताल की। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।”
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....






