आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । जमीन की पैमाइश के नाम पर कथित रिश्वतखोरी का मामला सामने आने के बाद दुद्धी तहसील प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। बभनी के भाजपा मंडल महामंत्री लक्ष्मी प्रसाद की शिकायत और लेनदेन से संबंधित कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आरोपी लेखपाल विमलेश कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मामले की प्राथमिक जांच में सरकारी कार्य के एवज में अवैध धन वसूली की बात सामने आने के बाद प्रशासन ने विस्तृत जांच के भी निर्देश दिए हैं।
मामला विकास खंड बभनी के ग्राम देवरीहंवा का है। शिकायत के अनुसार, आराजी संख्या 716/717 की भूमि के सीमांकन के लिए लेखपाल विमलेश कुमार और राजस्व निरीक्षक राजनाथ पर 25 हजार रुपये मांगने का आरोप लगाया गया है। आरोप है कि बातचीत के बाद 10 हजार रुपये लेकर काम करने की बात तय हुई। इसी दौरान कथित लेनदेन और बातचीत से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया।
प्राथमिक जांच के बाद निलंबन की कार्यवाही –
वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नायब तहसीलदार (पूर्वी) से प्राथमिक जांच कराई। जांच रिपोर्ट में सरकारी कार्य के बदले अवैध धन वसूली किए जाने की बात सामने आने के बाद एसडीएम दुद्धी ने लेखपाल के खिलाफ निलंबन की कार्यवाही की।
आदेश के अनुसार, लेखपाल विमलेश कुमार, जो क्षेत्र जाबर एवं तत्कालीन क्षेत्र सतबहनी में तैनात रहे, को शासकीय कार्यों में लापरवाही और उत्तर प्रदेश राज्य कर्मचारी आचरण नियमावली के उल्लंघन के आरोप में निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें रजिस्ट्रार कानूनगो कार्यालय से संबद्ध किया गया है।
15 दिन में आरोप पत्र तैयार करने का निर्देश –
मामले की विस्तृत जांच नायब तहसीलदार दुद्धी (पश्चिमी) को सौंपी गई है। जांच अधिकारी को 15 दिनों के भीतर आरोप पत्र तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।





