विदेश में नौकरी का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश: फर्जी कॉल सेंटर चला रहे तीन शातिर गिरफ्तार, 3.54 लाख नकद व दो लग्जरी गाड़ियां बरामद

SHARE:

गाजीपुर। सोशल मीडिया पर विदेश में नौकरी का आकर्षक विज्ञापन देकर बेरोजगार युवाओं को ठगने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का साइबर क्राइम थाना पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने फर्जी कॉल सेंटर चलाकर ठगी करने वाले तीन आरोपियों—सोहन राम, उसके बेटे सूर्य प्रकाश अरोरा (निवासी सिपाह जहूराबाद) और फैजल खान उर्फ सन्नी (निवासी रजदेपुर) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता कर मामले का खुलासा करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक नगर डॉ. राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से 3,54,300 रुपये नकद, 23 सिम कार्ड, 13 एटीएम कार्ड, 10 मोबाइल फोन, कंप्यूटर, लैपटॉप, कलर प्रिंटर और हुंडई वरना व ईको स्पोर्ट्स जैसी दो चार पहिया गाड़ियां बरामद की गई हैं। यह कार्रवाई फतेहपुर सिकंदर निवासी अभिव जायसवाल की शिकायत पर दर्ज प्राथमिकी के बाद सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से अमल में लाई गई, जिसके सीएससी खाते के जरिए गिरोह ने करीब 15 लाख रुपये का अवैध लेनदेन किया था।

एएसपी सिटी के अनुसार, गिरोह का मुख्य आरोपी सोहन राम दिल्ली-मुंबई में रिक्शा चालकों व जरूरतमंदों को एक-डेढ़ हजार रुपये का लालच देकर उनके नाम से म्यूल बैंक खाते व सिम कार्ड हासिल कर कूरियर से गाजीपुर भेजता था। इसके बाद फेसबुक पर विज्ञापन देखकर संपर्क करने वाले अभ्यर्थियों को फर्जी कॉल सेंटर के माध्यम से झांसे में लिया जाता था। रजिस्ट्रेशन के नाम पर पांच-पांच हजार रुपये, बायोडाटा और पासपोर्ट नंबर लेने के बाद कूटरचित (फर्जी) जॉब ऑफर लेटर और डमी फ्लाइट टिकट भेजकर ऐंठ ली जाती थी। ठगी की रकम सीएससी सेंटरों व क्यूआर कोड के माध्यम से मंगवाकर नकद या एटीएम से निकाल ली जाती थी। पुलिस अब बरामद सिम व दस्तावेजों के आधार पर पीड़ित अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है और मामले की विस्तृत रिपोर्ट गृह मंत्रालय के ‘आई-फोर-सी’ (I4C) पोर्टल को भी भेजी जा रही है।

NAV HIND SAMACHAR
Author: NAV HIND SAMACHAR

Navhind News is a leading multilingual news agency in India. Its primary focus is to provide print, electronic, and digital media with news on international, national, regional, and local events, as well as on topics such as literature, art, culture, religion, spirituality, economics, business, sports, science, technology, entertainment, health, and law.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now