शीतला मंदिर चौक के पास लगे दुर्गा पूजा पंडाल को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, ढहा ढांचा

SHARE:

सोनभद्र। मुख्यालय रॉबर्ट्सगंज नगर स्थित शीतला मंदिर चौक, पूरब मोहाल में स्थापित नवदुर्गा महोत्सव के भव्य दुर्गा पूजा पंडाल को शुक्रवार की भोर में लगभग 3 से 4 बजे के बीच एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे पंडाल का पूरा ढांचा क्षतिग्रस्त होकर गिर गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और पूजा समिति के सदस्यों व स्थानीय निवासियों में गहरा रोष फैल गया।

समिति के सक्रिय सदस्य देवाशीष सराफ ने पुलिस और प्रशासनिक यातायात व्यवस्था पर कड़ा सवाल उठाते हुए कहा कि जब मुख्य मार्ग पर पूजा पंडाल स्थापित होने के कारण रास्ता संकरा था, तो इतने भारी ट्रिपर ट्रक को उस मार्ग पर प्रवेश की अनुमति कैसे मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि दुर्घटना के वक्त शीतला मंदिर चौराहे पर बने पुलिस बूथ पर कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था, जो सुरक्षा व मुस्तैदी के दावों पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पूजा समिति के अध्यक्ष आयुष वर्मा, कोषाध्यक्ष नीतेश केशरी, सदस्य देवाशीष सराफ, सत्यम सर्राफ, रिशु केसरी, विजय अग्रहरि, महेश गिरी, नीलाप सवारिया और सुनील केसरी समेत भारी संख्या में आक्रोशित नागरिक व श्रद्धालु मौके पर जुट गए। समिति के पदाधिकारियों ने घटना पर तीव्र विरोध दर्ज कराते हुए फरार चालक के खिलाफ तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

Harsh Vardhan
Author: Harsh Vardhan

9 years experience in the field of journalism.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow Us Now