समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि भाजपा अपना जनाधार और जनता का विश्वास पूरी तरह खो चुकी है। जारी एक बयान में सपा प्रमुख ने कहा कि देश से प्रेम करने वाले नागरिकों के लिए वैमनस्यपूर्ण धर्मांधता की काली रात अब ढल चुकी है और विवेकशील पुनर्जागरण का एक नया सवेरा मानसिक अंधकार को मिटाकर नई चेतना ला रहा है। उन्होंने दावा किया कि अब स्वयं भाजपा के नेता व कार्यकर्ता भी समझ चुके हैं कि यह पार्टी किसी की सगी नहीं है और इसमें न तो सरकार का कोई अर्थ बचा है और न ही संगठन का। भाजपा एकाधिकारी और एकाकी मानसिकता से पूरी तरह ग्रसित है, जहां अपने ही नेताओं को घोर उपेक्षा का शिकार होना पड़ रहा है और अपमानित होकर लोग कह रहे हैं कि पार्टी ने उन्हें निचोड़कर पूरी तर ह बर्बाद कर दिया है।
अखिलेश यादव ने पीडीए (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक, आधी आबादी व आदिवासी) के मुद्दे पर मुख्यमंत्री के बयानों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सरकार का धमकी भरा अंदाज यह साफ दर्शाता है कि भाजपा राज में पीडीए वर्ग पर अत्याचार और अन्याय थमने वाला नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को सोते-जागते हर समय केवल पीडीए ही दिखाई देता है, ऐसे में उन्हें 108 मनकों की माला बनाकर पीडीए का जाप शुरू कर देना चाहिए। सपा अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि प्रदेश की जनता अब चढ़ावा चोरों और जुमलेबाजी की बातें सुनने के मूड में बिल्कुल नहीं है तथा आने वाले समय में भाजपा का मानसिक-अंधकार पूरी तरह समाप्त होना तय है।
Author: AJEET KUMAR SINGH
अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 3 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"






