आयुष्मान भारत योजना बनी गरीबों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा का मजबूत कवच: ‘आयुष्मान संवाद’ में बोले डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक

SHARE:

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा है कि आयुष्मान भारत योजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ के मूल संकल्प को साकार करते हुए देश के करोड़ों गरीब और वंचित परिवारों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा का एक अभेद्य एवं मजबूत कवच साबित हुई है। बुधवार को प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के सफल आठ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित ‘आयुष्मान संवाद’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने यह बात कही। डिप्टी सीएम ने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार का मुख्य लक्ष्य राज्य के प्रत्येक पात्र परिवार तक इस योजना का लाभ पहुंचाना है। इसके लिए अस्पतालों में चिकित्सा सुविधाओं की गुणवत्ता सुधारने, फायर सेफ्टी मानकों को कड़ा करने, चिकित्सकों की शत-प्रतिशत उपलब्धता सुनिश्चित करने और डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड जैसी आधुनिक व्यवस्थाओं को लागू करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उप मुख्यमंत्री ने योजना में पारदर्शिता और प्रभावशीलता बनाए रखने पर जोर देते हुए बताया कि डेटा एनालिटिक्स, फील्ड ऑडिट और तकनीक आधारित सतत निगरानी प्रणाली को बेहद मजबूत किया गया है। उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए चेतावनी दी कि संदिग्ध क्लेम या किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर दोषी अस्पतालों के खिलाफ निलंबन, डी-एम्पैनलमेंट, आर्थिक दंड और त्वरित रिकवरी जैसी सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। उन्होंने कहा कि गरीब और जरूरतमंद मरीज का अधिकार सर्वोपरि है और आर्थिक अभाव के कारण किसी भी व्यक्ति का इलाज नहीं रुकना चाहिए। पाठक ने आम जनता से शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनवाने की अपील की तथा योजना को धरातल पर सफल बनाने के लिए चिकित्सकों, आयुष्मान मित्रों, आशा बहुओं और विभागीय अधिकारियों का आभार जताया। इस अवसर पर प्रमुख सचिव हेकाली वी. झिमोमी, सचिव रितु माहेश्वरी और एनएचए के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

AJEET KUMAR SINGH
Author: AJEET KUMAR SINGH

अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 3 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now