प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संवैधानिक पदों पर रहते हुए सार्वजनिक सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उन्हें बधाई देते हुए उनके बहुआयामी नेतृत्व की भूरि-भूरि प्रशंसा की है। बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी सिलसिलेवार पोस्ट में गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने अथक परिश्रम, अद्भुत संकल्पशक्ति और ‘राष्ट्र प्रथम’ के जीवन मंत्र के बल पर देश में पारदर्शिता व परिणाम की गारंटी से ‘शासन की परिभाषा’ ही बदलकर रख दी है। उन्होंने 7 अक्तूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में पहली बार शपथ ली थी, जिसके बाद से शुरू हुई उनकी सेवा, संघर्ष व समर्पण की यह यात्रा लगातार मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में देश के गरीबों के कल्याण, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के उत्थान और हर वर्ग की समृद्धि का पर्याय बन चुकी है। गृह मंत्री ने रेखांकित किया कि पीएम मोदी ने भारतीय राजनीति में ‘पॉलिटिक्स ऑफ परफॉर्मेंस’ का नया और अनुकरणीय आदर्श स्थापित किया है।
गृह मंत्री अमित शाह ने पीएम मोदी की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने विनाशकारी भूकंप से उजड़े कच्छ का अभूतपूर्व पुनर्निर्माण कर एक नई मिसाल पेश की थी। इसके बाद ज्योतिग्राम योजना, वाइब्रेंट गुजरात और सौर ऊर्जा क्रांति के जरिए निवेश व उद्योगों को नई दिशा देते हुए गुजरात मॉडल को पूरे देश के विकास का आधार बनाया। प्रधानमंत्री बनने के बाद इसी दूरदर्शी सोच का विस्तार हुआ, जिसके फलस्वरूप अंतरिक्ष से लेकर समुद्र तक और वैश्विक कूटनीति से लेकर आंतरिक सुरक्षा तक भारत ने नई ऊंचाइयां हासिल कीं। मोदी सरकार की लोक कल्याणकारी नीतियों के चलते 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले, करोड़ों परिवारों को पक्के मकान, आयुष्मान भारत के तहत मुफ्त इलाज, उज्ज्वला गैस कनेक्शन और घर-घर नल से जल पहुंचा। आज युद्ध और वैश्विक अस्थिरता के दौर में भारत शांति की एक मजबूत वैश्विक आवाज बनकर उभरा है, और देश 2047 तक ‘विकसित भारत’ बनने के दृढ़ संकल्प के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है।
Author: NAV HIND SAMACHAR
Navhind News is a leading multilingual news agency in India. Its primary focus is to provide print, electronic, and digital media with news on international, national, regional, and local events, as well as on topics such as literature, art, culture, religion, spirituality, economics, business, sports, science, technology, entertainment, health, and law.






