अन्नू वर्मा, कानपुर। देहात स्थित स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला के पति एवं पूर्व सांसद अनिल शुक्ला वारसी और अस्पताल के एक सुरक्षा गार्ड के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। जानकारी के अनुसार, पूर्व सांसद गुरुकुल के बच्चों का इलाज कराने के उद्देश्य से सुबह करीब 10 बजे मेडिकल कॉलेज पहुंचे थे। पर्चा बनवाने के लिए लाइन में लगने के दौरान ही सुरक्षा गार्ड दिनेश कुमार से किसी बात को लेकर उनकी कहासुनी हो गई। पूर्व सांसद ने सुरक्षा गार्ड और उसकी पत्नी पर सरेआम अभद्रता करने तथा गाली-गलौज करने का गंभीर आरोप लगाते हुए परिसर में ही धरना शुरू कर दिया। पूर्व सांसद के धरने पर बैठते ही अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अंबरीश कुमार तथा एसीएमओ डॉ. एसएल वर्मा अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे।
धरने के दौरान पूर्व सांसद ने मेडिकल कॉलेज की चरमराती स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए आरोप लगाया कि डॉक्टर समय पर ओपीडी में नहीं बैठते हैं, जिससे दूर-दराज से आने वाले मरीजों व तीमारदारों को पर्चा बनवाने से लेकर इलाज तक के लिए घंटों कतार में खड़े होकर परेशान होना पड़ता है। वहीं दूसरी ओर, सुरक्षा गार्ड ने भी पूर्व सांसद पर गाली-गलौज करने का पलटवार किया। दोनों पक्षों के बीच बढ़ते विवाद को देखकर मौके पर मरीजों की भारी भीड़ एकत्र हो गई, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अकबरपुर थाने की पुलिस को बुलाना पड़ा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। पूर्व सांसद ने इस मामले में उच्च शासन स्तर पर लिखित शिकायत दर्ज कराने की बात कही है। पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए प्राचार्य डॉ. अंबरीश कुमार गुप्ता ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए गए हैं और प्राथमिक कार्रवाई के तहत संबंधित सुरक्षा गार्ड को तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया गया है।
Author: NAV HIND SAMACHAR
Navhind News is a leading multilingual news agency in India. Its primary focus is to provide print, electronic, and digital media with news on international, national, regional, and local events, as well as on topics such as literature, art, culture, religion, spirituality, economics, business, sports, science, technology, entertainment, health, and law.






