Sonbhadra News : केसीसी किसानों का बढ़ा सुरक्षा कवच, 56 रुपये में मिलेगा तीन लाख तक का दुर्घटना बीमा

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । खेती-किसानी के साथ जुड़ी अनिश्चितताओं के बीच किसान क्रेडिट कार्ड धारक किसानों और उनके परिवारों के लिए राहत की खबर है। दुर्घटना की स्थिति में आर्थिक सुरक्षा को मजबूत करने के लिए जनता दुर्घटना बीमा योजना के तहत किसानों का बीमा कवर अब 50 हजार रुपये से बढ़ाकर अधिकतम तीन लाख रुपये कर दिया गया है। खास बात यह है कि तीन लाख रुपये के बीमा कवर के लिए किसान को महज 56 रुपये सालाना प्रीमियम देना होगा। वहीं इफको टोकियो जनरल इंश्योरेंस के तहत भी किसानों को मिलने वाले बीमा लाभ में बढ़ोत्तरी की गई है।

नई व्यवस्था के तहत बीमित किसान की दुर्घटना में मृत्यु होने अथवा स्थायी और 100 प्रतिशत विकलांगता की स्थिति में बीमित धनराशि का पूरा 100 प्रतिशत भुगतान किया जाएगा। वहीं अस्थायी एवं आंशिक 50 प्रतिशत विकलांगता की स्थिति में बीमित राशि का 50 प्रतिशत भुगतान किए जाने का प्रावधान है। बीमा कवर बढ़ाए जाने से दुर्घटना जैसी विपरीत परिस्थितियों में किसान के परिवार को पहले की तुलना में अधिक आर्थिक सहारा मिल सकेगा।

50 हजार से बढ़कर तीन लाख हुआ बीमा कवर –

जनता दुर्घटना बीमा योजना के तहत पहले किसानों को अधिकतम 50 हजार रुपये का बीमा कवर मिलता था। इसके लिए वार्षिक प्रीमियम 9.40 रुपये निर्धारित था। मौजूदा समय में बढ़ती आर्थिक जरूरतों को देखते हुए बीमित धनराशि को बढ़ाकर तीन लाख रुपये तक किया गया है।

एआर कोऑपरेटिव संजय कुमार वर्मा ने बताया कि “योजना के तहत बीमा राशि 50 हजार रुपये के गुणांकों में अधिकतम तीन लाख रुपये तक निर्धारित की गई है। 50 हजार रुपये के बीमा कवर पर 9.40 रुपये, एक लाख पर 18.80 रुपये, डेढ़ लाख पर 28.10 रुपये, दो लाख पर 37.40 रुपये, ढाई लाख पर 46.75 रुपये और तीन लाख रुपये के बीमा पर 56 रुपये वार्षिक प्रीमियम देना होगा।”

इफको टोकियो बीमा में भी बढ़ा लाभ –

किसानों के लिए उपलब्ध दूसरे बीमा कवर में भी महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। एआर कोऑपरेटिव के मुताबिक इफको टोकियो जनरल इंश्योरेंस के तहत पहले एक बोरी पर चार हजार रुपये का बीमा होता था। अब इसे बढ़ाकर प्रति बोरी 10 हजार रुपये कर दिया गया है। इसी के साथ बीमा की अधिकतम सीमा भी एक लाख रुपये से बढ़ाकर दो लाख रुपये कर दी गई है।

दुर्घटना की स्थिति में किसान को निर्धारित नियमों और शर्तों के अनुसार बीमा क्लेम का लाभ मिलेगा। बीमा कवर में बढ़ोतरी का उद्देश्य किसानों को विपरीत परिस्थितियों में अतिरिक्त आर्थिक सुरक्षा उपलब्ध कराना है।

छह माह में 8,739 किसानों को 64.68 करोड़ का केसीसी ऋण –

बीमा सुरक्षा के साथ किसानों को कृषि जरूरतों के लिए संस्थागत ऋण उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया जा रहा है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार एक अप्रैल 2026 से 30 सितंबर 2026 तक जिले में 8,739 किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से ऋण वितरित किया गया है। इन किसानों के बीच कुल 6,468 लाख रुपये यानी करीब 64.68 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया गया।

ऐसे में केसीसी के माध्यम से किसानों को समय पर कृषि ऋण उपलब्ध होने के साथ दुर्घटना बीमा का दायरा बढ़ाए जाने से खेती-किसानी से जुड़े परिवारों की आर्थिक सुरक्षा को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now