सोनभद्र। जिले के दो होनहार शिक्षकों ने अपनी उत्कृष्ट शिक्षण शैली और नवाचार के बल पर राज्य स्तर पर जनपद का नाम रोशन किया है। मथुरा स्थित केएम यूनिवर्सिटी परिसर में ‘एडूलीडर्स’ संस्था द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय शिक्षा समागम के दौरान घोरावल विकासखंड के कंपोजिट विद्यालय विसुंधरी में कार्यरत सहायक अध्यापक दीनबंधु त्रिपाठी को ‘कर्मयोगी सम्मान’ तथा रॉबर्ट्सगंज विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय केवटा की प्रधानाध्यापिका सिंधु मिश्रा को प्रतिष्ठित ‘एडूलीडर पुरस्कार’ से अलंकृत किया गया। भगवद्गीता के जीवन मूल्यों पर आधारित इस गरिमामयी समारोह में मुख्य अतिथि मथुरा के जिला पंचायत अध्यक्ष केएम चौधरी एवं बेसिक शिक्षा अधिकारी सलोनी गौतम ने दोनों शिक्षकों को स्मृति चिह्न व प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया।
जनपदीय संयोजक दीनबंधु त्रिपाठी ने जानकारी देते हुए बताया कि एडूलीडर्स राष्ट्रपति पदक से सम्मानित शिक्षक सर्वेष्ट मिश्रा के कुशल मार्गदर्शन में संचालित नवाचारी व टेक्नोसेवी शिक्षकों का एक अग्रणी समूह है, जो प्रतिवर्ष शिक्षा के क्षेत्र में नई तकनीक व नवाचार का प्रयोग करने वाले शिक्षकों को चिन्हित कर राज्य स्तरीय सम्मान प्रदान करता है। जनपद के दोनों शिक्षकों को यह विशिष्ट सम्मान मिलने पर सोनभद्र के बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पांडेय, खंड शिक्षा अधिकारी अरविंद पटेल, अशोक त्रिपाठी तथा सौरभ कार्तिकेय समेत शिक्षा विभाग के अधिकारियों व शिक्षकों ने गहरी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
Author: Harsh Vardhan
9 years experience in the field of journalism.






