Sonbhadra News : दो बाइकों की टक्कर में बुजुर्ग दंपति जख्मी, महिला रेफर

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के गुलालझरिया गांव में सोमवार रात भट्टी मोड़ के पास दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में 60 वर्षीय भगवान दास पुत्र स्व0 फेकन और उनकी पत्नी बसंती देवी (58वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल दोनों घायलों को निजी वाहन की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए दोनों को जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। हादसे में दूसरे बाइक सवार राकेश को भी चोटें आई हैं, हालांकि उसकी चोट अपेक्षाकृत हल्की बताई जा रही है।

भाई की मौत के बाद घर जा रहे थे दंपती –

परिजनों के मुताबिक भगवान दास के भाई की तीन दिन पूर्व मौत हो गई थी। इसी सिलसिले में भगवान दास अपनी पत्नी के साथ उनके घर जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक गुलालझरिया गांव स्थित भट्टी मोड़ के पास पहुंची, उसी दौरान बगल से गुजर रहे राकेश की बाइक से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि भगवान दास और उनकी पत्नी सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और घायलों को सड़क से उठाकर निजी वाहन की मदद से सीएचसी दुद्धी पहुंचाया।

महिला की हालत गंभीर, मेडिकल कॉलेज रेफर –

सीएचसी दुद्धी में चिकित्सक डॉ0 विनोद ने दोनों घायलों की जांच कर प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सक के अनुसार बसंती देवी के शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि भगवान दास के पैर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में चोट लगी है। दोनों की हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जिला मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वहीं हादसे की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। घटना के बाद कुछ देर तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस की ओर से हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now