आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । विंढमगंज थाना क्षेत्र के पोलवा गांव के समीप सोमवार को कनहर नदी में एक महिला का अधजला शव बहता मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। नदी किनारे शौच के लिए गए ग्रामीणों ने रेलवे पुल के नीचे पानी की टंकी के पास नदी के पानी में शव उतराता देखा। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर गांव के चौकीदार अबुलहसन ने पुलिस को जानकारी दी।
सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक सुनील राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाकर जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस के अनुसार, महिला का शरीर करीब 80 फीसदी तक जल चुका था, जबकि लगभग 20 फीसदी हिस्सा अधजला मिला। शव की हालत बेहद खराब होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी।
अंतिम संस्कार के दौरान नदी में बहने की आशंका –
घटनास्थल की परिस्थितियों और शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने आशंका जताई कि कनहर नदी के किनारे किसी स्थान पर महिला का अंतिम संस्कार किया जा रहा होगा। इसी दौरान नदी में पानी बढ़ने अथवा तेज बहाव के कारण अधजला शव बहकर नदी में चला गया और बहते हुए पोलवा गांव के समीप पहुंच गया। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी इस आशंका की पुष्टि नहीं की गई है। शव की पहचान के लिए आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की गई, लेकिन देर शाम तक महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस महिला की पहचान के साथ-साथ यह भी पता लगाने में जुटी है कि शव नदी में किन परिस्थितियों में पहुंचा।
ग्रामीणों की मौजूदगी में दफनाया शव –
पुलिस ने आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद ग्रामीणों और चौकीदार की मौजूदगी में अधजले शव को दफना दिया। वहीं घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं। पुलिस का कहना है कि महिला की पहचान और शव के नदी में बहकर आने की वास्तविक परिस्थितियों की जानकारी जुटाने के लिए जांच जारी है।






