BJP की रैली के दौरान हाईवे पर लगा तीन घंटे लंबा जाम, लोडर से गिरी दीवार; सपा नेता अविनाश कुशवाहा ने कसा तंज

SHARE:

सोनभद्र। जिले के डाला स्थित रामलीला मैदान में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान‘ रैली के दौरान सोमवार को यातायात व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों की पोल खुल गई। रैली में मुख्य अतिथि के रूप में सदर विधायक भूपेश चौबे उपस्थित रहे। कार्यक्रम में स्वागत एवं फूल वर्षा के लिए खनन क्षेत्र से दो दर्जन से अधिक बुलडोजर व लोडर मंगाए गए थे, जिन पर नियमों के विपरीत श्रमिकों को बैठाया गया था। इस दौरान वाराणसी-शक्तिनगर स्टेट हाईवे पर दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक करीब तीन घंटे यातायात वन-वे रहा, जिससे भीषण जाम लग गया। रैली की समाप्ति पर एक लोडर द्वारा बैक करते समय हाईवे किनारे की दीवार ढह गई, जिसकी चपेट में आकर दो बाइक क्षतिग्रस्त हो गईं और आसपास मौजूद राहगीर बाल-बाल बचे। इस घटना के बाद स्थानीय नागरिकों में सुरक्षा व्यवस्था व अपर्याप्त पुलिस बल को लेकर भारी आक्रोश देखने को मिला।

कार्यक्रम और हाईवे पर उत्पन्न अव्यवस्था को लेकर राजनीतिक पारा भी गर्म हो गया है। बिना स्पष्ट प्रशासनिक आदेश व बिना पर्याप्त ट्रैफिक मैनेजमेंट के घंटों स्टेट हाईवे बाधित रहने पर सवाल उठाते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव अविनाश कुशवाहा ने तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले में लागू धारा 163 के नियम सत्ताधारी दल पर लागू नहीं होते, बल्कि यह आदेश केवल विपक्ष, किसानों और नौजवानों पर थोपे जाते हैं। सपा नेता ने कहा कि भाजपा सरकार बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे बुनियादी मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए ऐसे प्रपंच रच रही है। घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और हाईवे पर ट्रैफिक व सुरक्षा में हुई इस गंभीर चूक के जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।

Harsh Vardhan
Author: Harsh Vardhan

9 years experience in the field of journalism.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now