लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को देश की लोकतांत्रिक विरासत को और सुदृढ़ करने का एक अत्यंत महत्वपूर्ण प्रयास करार दिया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक संदेश साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत युगों-युगों से उत्कृष्ट लोकतांत्रिक मूल्यों का संरक्षक रहा है। एक शुद्ध, सशक्त और पारदर्शी मतदाता सूची का निर्माण ही हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था की नींव को मजबूत बनाता है। इस दिशा में निर्वाचन आयोग द्वारा शुरू किया गया यह अभियान अत्यंत सराहनीय और समयाुकूल कदम है।
मुख्यमंत्री ने मतदाता सूची की शुचिता पर विशेष बल देते हुए अधिकारियों और आम नागरिकों से मृत व्यक्तियों, स्थायी रूप से स्थानांतरित हो चुके मतदाताओं और डुप्लीकेट प्रविष्टियों का नियमानुसार निष्पक्ष सत्यापन करने की आवश्यकता जताई। सीएम योगी ने स्पष्ट कहा कि मतदाता सूची में अवैध रूप से दर्ज अपात्र नामों की पहचान कर उन्हें हटाया जाना देश की सुरक्षा, एकता और अखंडता के लिए बेहद अनिवार्य है। उन्होंने राज्य के सभी जागरूक नागरिकों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया, साथ ही हाल ही में 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले नवयुवकों से अनिवार्य रूप से मतदाता सूची में अपना नाम पंजीकृत कराकर लोकतंत्र के इस महायज्ञ में सहभागी बनने की अपील की।
Author: NAV HIND SAMACHAR
Navhind News is a leading multilingual news agency in India. Its primary focus is to provide print, electronic, and digital media with news on international, national, regional, and local events, as well as on topics such as literature, art, culture, religion, spirituality, economics, business, sports, science, technology, entertainment, health, and law.






