Sonbhadra News : संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर मिली 50 वर्षीय महिला की लाश, जाँच में जुटी पुलिस

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

• पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जिला अस्पताल

• मौत की वजह तलाशने में जुटी चोपन पुलिस

सोनभद्र । चोपन थाना क्षेत्र के सलखन स्थित बैरहवा टोले में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब करीब 50 वर्षीय महिला का शव उसके घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। घटना की जानकारी होते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ मामले की जांच शुरू कर दी है।

ये है घटना –

जानकारी के अनुसार, मलोरमा देवी (50वर्ष) पत्नी श्यामसुंदर रविवार सुबह अपने घर में मृत अवस्था में मिलीं। बताया गया कि उनका पुत्र सुनील जब घर पहुंचा तो अंदर मां को मृत देखकर उसके होश उड़ गए। उसने तत्काल घटना की सूचना चोपन पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी गुप्ता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई।

मौत की वजह पर सस्पेंस, जांच में जुटी पुलिस –

महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। परिजनों की ओर से भी मौत को लेकर संदेह जताया गया है। ऐसे में पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।

एसओ चोपन गोपाल जी गुप्ता के मुताबिक, “पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।”

फिलहाल महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं और पुलिस की जांच पर सभी की निगाहें टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now