Sonbhadra News : आउटसोर्सिंग कंपनियों में कथित अवैध वसूली और धमकी का आरोप, पीड़ित ने की एसपी से शिकायत

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

• नौकरी के नाम पर धन उगाही और दबाव बनाने का दावा, शिकायतकर्ता ने की सुरक्षा व निष्पक्ष जांच की मांग

सोनभद्र । ऊर्जाचल क्षेत्र में एनसीएल परियोजनाओं में कार्यरत आउटसोर्सिंग कंपनियों में कथित अवैध वसूली और नौकरी के नाम पर धन उगाही को लेकर शिकायत सामने आई है। शिकायतकर्ता आनंद पटेल ने कुछ लोगों पर प्रभाव और शासन-सत्ता का भय दिखाकर प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा को प्रार्थना-पत्र देकर सुरक्षा और कानूनी कार्यवाही की मांग की है।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि कुछ प्रभावशाली लोगों द्वारा आउटसोर्सिंग कंपनियों के अधिकारियों और कर्मचारियों पर कथित तौर पर अवैध वसूली के लिए दबाव बनाया जाता है। विरोध करने पर डराने-धमकाने तथा मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने के साथ संबंधित लोगों के कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच कराने की मांग की है।

दो घटनाओं का भी शिकायत में किया उल्लेख –

प्रार्थना-पत्र में आनंद पटेल ने 19 अगस्त 2026 को जयंत चौकी क्षेत्र, जिला सिंगरौली में अपने साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है। इसके अलावा 14 सितंबर 2026 को उनके चचेरे भाई दीपक पटेल को खड़िया बाजार स्थित एसी सैलून में चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दिए जाने की बात भी कही गई है। शिकायतकर्ता के अनुसार, दोनों घटनाओं के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

राजनीतिक संपर्क का प्रभाव इस्तेमाल करने का आरोप –

आनंद पटेल का आरोप है कि संबंधित लोग अपने प्रभाव और कथित राजनीतिक संपर्कों का इस्तेमाल कर प्रशासनिक अधिकारियों पर दबाव बनाने का प्रयास करते हैं। उन्होंने आशंका जताई है कि भविष्य में उनके या उनके परिवार के साथ कोई अप्रिय घटना हो सकती है। शिकायतकर्ता ने पुलिस प्रशासन से अपने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने, मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा जांच में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही किए जाने की मांग की है।

एसपी से मिला कार्यवाही का आश्वासन –

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा से मुलाकात के दौरान शिकायतकर्ता ने पूरे मामले से अवगत कराया। शिकायतकर्ता के अनुसार, एसपी की ओर से मामले में उचित कानूनी कार्यवाही का आश्वासन दिया गया है। अब शिकायतकर्ता को पुलिस जांच और आगे की कार्यवाही का इंतजार है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now