आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । पितृपक्ष और आगामी नवरात्रि पर्व को देखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मिलावट पर शिकंजा कसने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने कार्यवाही तेज कर दी है। जिलाधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) के आदेश तथा सहायक आयुक्त (खाद्य)-II के निर्देश पर विभागीय टीम ने चुर्क क्षेत्र में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करते हुए खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए। कार्रवाई के दौरान 7.6 किलोग्राम खुली हल्दी पाउडर को सीज किया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने चुर्क स्थित सीमेंट फैक्ट्री में संचालित मेसर्स अन्नपूर्णा कैंटीन का निरीक्षण किया। यहां से तैयार दाल और होमोजिनाइज्ड स्टैंडर्डाइज्ड दूध के नमूने लिए गए। निरीक्षण के दौरान किचन में काम करने वाले कर्मचारियों को व्यक्तिगत स्वच्छता समेत खाद्य सुरक्षा के निर्धारित मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पाई गई कमियों के संबंध में सुधार सूचना जारी की गई।
खुली हल्दी पाउडर पर कार्यवाही –
इसके बाद टीम ने चुर्क बाजार स्थित मेसर्स अशोक जनरल स्टोर का निरीक्षण किया। यहां बिक्री के लिए रखी खुली हल्दी पाउडर का नमूना लिया गया। मौके पर उपलब्ध 7.6 किलोग्राम हल्दी पाउडर को सीज कर दिया गया। प्रतिष्ठान संचालक को खुले मसाला पाउडर और खुले खाद्य तेल की बिक्री नहीं करने के निर्देश भी दिए गए। इसी क्रम में चुर्क बाजार स्थित मां विंध्यवासिनी इंटरप्राइजेज से कार्बोनेटेड वाटर के स्प्राइट और लिम्का ब्रांड के नमूने भी संग्रहित किए गए।
जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्यवाही –
विभाग के अनुसार सभी संग्रहित नमूनों को जांच के लिए संबंधित प्रयोगशाला भेज दिया गया है। खाद्य विश्लेषक की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद जांच के निष्कर्ष के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार आगे की कार्यवाही की जाएगी।






