दहेज के लिए पिटाई कर निकाला, फिर सोशल मीडिया पर वायरल की एआई जनित आपत्तिजनक तस्वीरें: पति समेत तीन पर केस दर्ज

SHARE:

घोरावल (सोनभद्र)। जिले की एक महिला के साथ प्रेम विवाह के बाद दहेज उत्पीड़न और सोशल मीडिया पर एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) के जरिए निर्मित आपत्तिजनक तस्वीरें वायरल कर बदनाम करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता द्वारा पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा से मिलकर लगाई गई गुहार के बाद एसपी के निर्देश पर घोरावल थाना पुलिस ने पति समेत तीन आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है। पीड़िता का आरोप है कि शादी के दो साल बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग को लेकर उसे शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा था।

घोरावल थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली पीड़िता ने पुलिस को सौंपी गई तहरीर में बताया कि वाराणसी जिले के भेलूपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवरतनपुर निवासी हसन के साथ उसका 09 जुलाई 2018 को प्रेम विवाह हुआ था। शादी के करीब दो साल तक सब ठीक रहा, लेकिन उसके बाद पति हसन, सास नीलू और  विनोद ने दहेज में दो लाख रुपये की मांग को लेकर प्रताड़ना शुरू कर दी। दो बेटियां होने के बाद भी ससुराल वालों का जुल्म कम नहीं हुआ और अक्टूबर 2025 में पीड़िता को बुरी तरह पीटकर उसके मायके छोड़ दिया गया। पीड़िता का आरोप है कि अब उसका पति इंस्टाग्राम व फेसबुक पर उसकी एआई-जनित अश्लील व आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो पोस्ट कर उसे समाज में नीचा दिखाने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने में जुटा हुआ है। प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला पंजीकृत कर लिया गया है और आईटी एक्ट के तहत साक्ष्यों की वैज्ञानिक जांच करते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है ।

Harsh Vardhan
Author: Harsh Vardhan

9 years experience in the field of journalism.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow Us Now