सड़क से 2 फीट ऊंची नाली निर्माण पर भड़के पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा, भाजपा सरकार और नगर पालिका पर लगाया भ्रष्टाचार का आरोप

SHARE:

सोनभद्र। हायडिल फील्ड से लेकर कांशीराम आवास तक सड़क किनारे हाल ही में नगर पालिका द्वारा बनाई गई नाली के बेतुके निर्माण को लेकर राजनीति गरमा गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा ने निर्माण स्थल का जायजा लेने के बाद भाजपा सरकार और स्थानीय नगर पालिका प्रशासन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने सड़क से लगभग दो फीट ऊंची बनाई गई इस नाली को जनता के टैक्स के पैसों की खुली बर्बादी और प्रशासनिक भ्रष्टाचार का प्रत्यक्ष उदाहरण करार दिया है।

सपा नेता ने एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया है  कि बिना किसी तकनीकी सर्वे और ड्रेनेज प्लान के बनाई गई इस हवाई नाली से जल निकासी की कोई व्यवस्था नहीं दिख रही है। उन्होंने तीखा हमला बोलते हुए सवाल उठाया कि क्या अब सड़क का पानी सूखने के लिए छोड़ा जाएगा या फिर उछलकर नाली में जाएगा। पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि जिस मार्ग से रोज सैकड़ों नागरिक और प्रशासनिक अधिकारी गुजरते हैं, वहां दो फीट ऊंची नाली के कारण लगातार दुर्घटनाओं का अंदेशा बना हुआ है और पटरी भी पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है

पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा ने शासन से मांग उठाई है कि हायडिल फील्ड से कांशीराम आवास तक हुए इस नाली निर्माण के डिजाइन और गुणवत्ता की तत्काल उच्चस्तरीय व निष्पक्ष जांच कराई जाए। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई करने, जल निकासी की वैज्ञानिक व्यवस्था सुनिश्चित करने और नाली के स्तर को सड़क के समतल बनाने की पुरजोर वकालत की है ताकि आम जनता को इस समस्या से राहत मिल सके।

Harsh Vardhan
Author: Harsh Vardhan

9 years experience in the field of journalism.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow Us Now