आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत होटल डी.आर. ड्रीम में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षा, खेल, सामाजिक सेवा समेत विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य एवं उल्लेखनीय प्रतिभा का प्रदर्शन करने वाले लोगों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद के प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा तथा समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़ मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष नन्दलाल गुप्ता ने की।
सेवा और समर्पण से आगे बढ़ रहा देश – हंसराज विश्वकर्म
समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सेवा, समर्पण और जनकल्याण की भावना को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है। प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से समाज और राष्ट्र के लिए उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान केवल उनका उत्साहवर्धन नहीं करता, बल्कि समाज के अन्य लोगों को भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करता है। युवाओं और प्रतिभाशाली लोगों को अपनी क्षमता का उपयोग समाज एवं राष्ट्र के विकास में करने के लिए आगे आना चाहिए।
शिक्षा, खेल और सामाजिक क्षेत्र की प्रतिभाएं सम्मानित
समारोह के दौरान शिक्षा, खेल, सामाजिक सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभावान लोगों को सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान समाज के अंतिम पायदान तक सेवा और जनकल्याण की भावना पहुंचाने का माध्यम बन रहा है।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सेवा, समर्पण और समाज के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय महामंत्री अजीत रावत, क्षेत्रीय मंत्री रामसुंदर निषाद, कार्यक्रम संयोजक एवं पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक मिश्रा समेत अन्य पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं गणमान्यजन मौजूद रहे।






