आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । करीब चार करोड़ रुपये के कथित गबन और कारोबारी की छवि धूमिल करने के लिए सोशल मीडिया पर कथित साजिश रचने के मामले में रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी टीम ने बड़ी कार्यवाही की है। हनुमत सोलर हाउस फर्म में हुए कथित आर्थिक घोटाले के मामले में पुलिस ने पूर्व मैनेजर समेत तीन नामजद आरोपियों को प्रयागराज से गिरफ्तार किया है। आरोप है कि फर्म के मालिक की गैरमौजूदगी में पूर्व कर्मचारियों ने करोड़ों रुपये का गबन किया। इसके बाद जब धनराशि की रिकवरी को लेकर शिकायत किए जाने की बात सामने आई तो आरोपियों ने कथित तौर पर कारोबारी को बदनाम करने और प्रतिष्ठान की साख खराब करने के लिए AI से तैयार लड़की की तस्वीर का इस्तेमाल कर फेसबुक और व्हाट्सएप पर भ्रामक सामग्री प्रसारित की। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 69,500 रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, चार क्रेडिट कार्ड और घटना से संबंधित स्कॉर्पियो-एन वाहन बरामद किया है।
पूर्व मैनेजर समेत कर्मचारियों पर करोड़ों के गबन का आरोप –
पुलिस के अनुसार, हनुमत सोलर हाउस के संचालक विकास सिंह पुत्र सुरेन्द्र सिंह निवासी अदलपुरा, थाना चुनार, जनपद मिर्जापुर ने रॉबर्ट्सगंज थाने में प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की थी कि उनकी दुकान पर पूर्व में मैनेजर के पद पर कार्यरत हरिगोविन्द सिंह पटेल समेत अन्य पूर्व कर्मचारियों ने उनकी गैरमौजूदगी में करीब चार करोड़ रुपये का गबन किया है। आरोप है कि इस धनराशि की रिकवरी के लिए शिकायत किए जाने से बचने के उद्देश्य से आरोपियों ने आपस में साजिश रची और कारोबारी की छवि खराब करने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया। AI जनरेटेड लड़की की तस्वीर के साथ फेसबुक आईडी और व्हाट्सएप के माध्यम से कथित भ्रामक सामग्री प्रसारित की गई। मामले में पुलिस ने धारा 316(5), 351(3), 61(2)(क) बीएनएस और 67 आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया था।
साइबर सेल की मदद से प्रयागराज तक पहुंची पुलिस –
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक मेविश टॉक के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्र के नेतृत्व में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी। इसी क्रम में रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर साइबर सेल से समन्वय स्थापित कर आरोपियों की लोकेशन और उनके आवागमन की जानकारी जुटाई। इसके बाद पुलिस टीम प्रयागराज पहुंची और रामबाग रेलवे स्टेशन के पास खड़ी काले रंग की स्कॉर्पियो-एन गाड़ी की घेराबंदी कर उसमें मौजूद तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
नकदी, मोबाइल, लैपटॉप और क्रेडिट कार्ड बरामद –
रफ्तार आरोपियों की तलाशी के दौरान पुलिस ने 69,500 रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन, एसर कंपनी का एक लैपटॉप और चार क्रेडिट कार्ड बरामद किए। इसके अलावा आधार कार्ड, निर्वाचन कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस तथा दैनिक उपयोग के कपड़ों और अन्य सामान से भरे बैग भी मिले। पुलिस ने घटना से संबंधित काले रंग की स्कॉर्पियो-एन वाहन को भी कब्जे में लिया है। वाहन के आवश्यक कागजात उपलब्ध नहीं कराने पर मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज करने की कार्यवाही की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण –
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में हरिगोविन्द सिंह पटेल पुत्र अशोक कुमार सिंह, विरेन्द्र प्रताप केशरी पुत्र नन्दलाल केशरी और इन्द्रेश सिंह पटेल पुत्र सुरेन्द्र नाथ सिंह पटेल शामिल हैं। तीनों आरोपी रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। इनमें हरिगोविन्द सिंह पटेल फर्म में पूर्व में मैनेजर के पद पर कार्यरत था।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम का विवरण –
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना रॉबर्ट्सगंज निरीक्षक बनारसी यादव, हेड कांस्टेबल राजेश यादव, कांस्टेबल रूपेश कुमार, कांस्टेबल रमेश कुमार और महिला कांस्टेबल श्रद्धा अवस्थी शामिल रहीं।
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....





