लखनऊ। योगी ने अधिकारियों को दिया सख्त निर्देश, कहा—जनसमस्याओं के निस्तारण में हीलाहवाली कतई बर्दाश्त नहीं, दोषियों पर हो कड़ी कार्यवाही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को अपने सरकारी आवास पर आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पीड़ितों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राज्य सरकार हर पीड़ित की जायज समस्या का त्वरित और न्यायसंगत समाधान कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को कड़ी हिदायत दी कि जनता की शिकायतों का निस्तारण अत्यंत संवेदनशीलता और शीघ्रता के साथ किया जाए, ताकि किसी भी फरियादी को बार-बार चक्कर न लगाने पड़े।
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता उस समय देखने को मिली जब वे कुर्सियों पर बैठे हर पीड़ित के पास खुद चलकर पहुंचे और उनकी समस्याओं व शिकायतों को बेहद ध्यानपूर्वक सुना। मुख्यमंत्री ने सभी के प्रार्थना पत्रों को मौके पर ही संबंधित विभागीय अधिकारियों को संदर्भित करते हुए गुणवत्तापूर्ण और संतुष्टिपरक निस्तारण के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि किसी भी पीड़ित के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को हर पात्र व्यक्ति तक जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने, जरूरतमंदों को इलाज के लिए समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और अवैध रूप से जमीनों पर कब्जा करने वाले भू-माफियाओं व दबंगों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
पुलिस विभाग से जुड़ी शिकायतों को लेकर मुख्यमंत्री का रुख बेहद सख्त नजर आया। उन्होंने पुलिस आयुक्त, एडीजी, आईजी, डीआईजी और एसएसपी स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों को सीधे तौर पर सतर्क करते हुए कहा कि थाना, चौकी और बीट स्तर पर किसी भी प्रकार की लापरवाही या हीलाहवाली की शिकायत मिलने पर जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि हर मामले में दोषियों के खिलाफ नियमसंगत और निष्पक्ष कार्रवाई हर हाल में सुनिश्चित की जाए। इसके अतिरिक्त उन्होंने राजस्व और कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से निस्तारण करने का भी निर्देश दिया। जनता दर्शन के दौरान आए बच्चों से भी सीएम योगी ने आत्मीयता से बातचीत करते हुए उन्हें स्नेहपूर्वक आशीर्वाद दिया और शिक्षा के प्रति जागरूक करते हुए जीवन में आगे बढ़ने की सीख दी।





