आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाया जाए बकरीद का पर्व, नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई- DM

SHARE:

हर्षवर्धन, सोनभद्र। जनपद में आगामी बकरीद (ईदुज्जुहा) के पर्व को पूरी तरह सकुशल, शांतिपूर्ण और पारस्परिक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक अमला पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। इसी कड़ी में रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा की संयुक्त अध्यक्षता में जिला स्तरीय पीस कमेटी एवं विभिन्न संप्रदायों के धर्मगुरुओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस उच्चस्तरीय बैठक में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए धर्मगुरुओं, प्रबुद्धजनों, सम्मानित नागरिकों और जिले के आला प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। बैठक के दौरान आगामी त्योहार की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर बिंदुवार विस्तृत चर्चा की गई और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

बैठक को मुख्य रूप से संबोधित करते हुए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द का प्रतीक होते हैं। उन्होंने कड़े लहजे में स्पष्ट किया कि जनपद में किसी भी स्तर पर किसी भी प्रकार की नई परंपरा की शुरुआत बिल्कुल नहीं होने दी जाएगी। त्योहार को परंपरागत और शांतिपूर्ण तरीके से ही मनाया जाना सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने जिले के समस्त उप जिलाधिकारियों (एसडीएम) और क्षेत्राधिकारियों (सीओ) को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर शांति व्यवस्था का बारीकी से जायजा लें तथा स्थानीय स्तर पर भी पीस कमेटी की बैठकों का आयोजन कर लोगों से सीधा संवाद स्थापित करें। इसके साथ ही उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि पर्व के मद्देनजर सभी नगर पालिका एवं नगर पंचायत क्षेत्रों में साफ-सफाई की चाक-चौबंद व्यवस्था की जाए, पर्याप्त पेयजल की उपलब्धता रहे और त्योहार के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

वहीं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने सुरक्षा और धार्मिक गाइडलाइंस का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी। उन्होंने दो टूक कहा कि शासन के मंशानुरूप प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी किसी भी दशा में नहीं होने दी जाएगी और न ही सार्वजनिक स्थलों पर कुर्बानी की अनुमति होगी। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि सड़कों पर नमाज अदा न की जाए, जिससे कि सामान्य यातायात व्यवस्था प्रभावित हो और आम जनमानस को परेशानी का सामना करना पड़े। पुलिस अधीक्षक ने अपील करते हुए कहा कि कुर्बानी के बाद खुले में मांस अथवा अवशेष कतई न फेंके जाएं, बल्कि उन्हें नगर पालिका द्वारा निर्धारित किए गए स्थानों पर या भूमि में गहरा गड्ढा खोदकर सम्मानजनक तरीके से दफन किया जाए। सोशल मीडिया की निगरानी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भ्रामक सूचनाओं, फेक न्यूज और अफवाहों पर कोई भी ध्यान न दे। पुलिस की सोशल मीडिया सेल हर गतिविधि पर पैनी नजर रख रही है। किसी भी तरह की भ्रामक पोस्ट या समाज में विद्वेष फैलाने वाली अफवाह उड़ाने वालों के खिलाफ पुलिस बेहद सख्त और दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाएगी।

इस महत्वपूर्ण शांति समिति की बैठक में मुख्य रूप से अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) बगीश कुमार शुक्ला, अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल, जिले के समस्त उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी समेत बड़ी संख्या में स्थानीय धर्मगुरु और प्रबुद्धजन उपस्थित रहे। बैठक के अंत में उपस्थित सभी धर्मगुरुओं और संभ्रांत नागरिकों ने जिला व पुलिस प्रशासन को आश्वस्त किया कि जनपद सोनभद्र की गंगा-जमुनी तहजीब को बरकरार रखते हुए पूर्व की भांति इस बार भी बकरीद का पर्व बेहद शांति, आपसी प्रेम और सौहार्दपूर्ण तरीके से मिल-जुलकर हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा।

Vinod Garg
Author: Vinod Garg

2 years experience in the field of journalism.

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई

Follow Us Now