सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक ज्वेलरी व्यवसायी से लाखों रुपये की धोखाधड़ी और जातिसूचक गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने इस प्रकरण में आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। प्राप्त विवरण के अनुसार, रॉबर्ट्सगंज स्थित शीतला मंदिर के समीप ‘श्री साई ज्वेलर्स’ के मालिक आयुष केशरवानी ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित व्यवसायी का आरोप है कि कुरथा निवासी राकेश पटेल जो अपने आप को अपना दल का जिला सचिव कहता है। उसने उनकी दुकान से जुलाई 2024 से नवंबर 2024 के बीच लगभग 20 लाख 97 हजार रुपये से अधिक के जेवरात खरीदे थे, जिसमें से 4.50 लाख रुपये बकाया थे। आरोपी ने एक सप्ताह के भीतर भुगतान का आश्वासन दिया था, लेकिन जब बार-बार पैसे की मांग की गई तो उसने पंजाब एंड सिंध बैंक का एक चेक थमा दिया, जो खाते में पर्याप्त धनराशि न होने के कारण बाउंस हो गया।
पीड़ित का आरोप है कि जब उसने 4 जनवरी 2026 को बढ़ौली चौराहे पर अपना बकाया पैसा मांगा, तो आरोपी राकेश पटेल ने अपना राजनीतिक रसूख दिखाते हुए सरेराह गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में पूर्व में कस्बा चौकी पर सुलह-समझौता भी हुआ था, जिसमें आरोपी ने 28 फरवरी 2026 तक भुगतान करने का वादा किया था, लेकिन समय सीमा बीतने के बाद भी न तो पैसा दिया गया और न ही वह फोन उठा रहा है। परेशान होकर पीड़ित ने उच्चाधिकारियों से भी शिकायत की। मामले की गंभीरता को देखते हुए रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने 5 मई 2026 को आरोपी राकेश पटेल के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 316(2), 352 और 351(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस धोखाधड़ी और धमकी के मामले की विस्तृत जांच में जुट गई है।
Author: NAV HIND SAMACHAR
Navhind News is a leading multilingual news agency in India. Its primary focus is to provide print, electronic, and digital media with news on international, national, regional, and local events, as well as on topics such as literature, art, culture, religion, spirituality, economics, business, sports, science, technology, entertainment, health, and law.






