शादी का झांसा देकर युवती का शोषण करने वाला सिपाही गिरफ्तार, जबरन गर्भपात कराने का भी आरोप

SHARE:

वाराणसी/सारनाथ।  शादी का झांसा देकर एक युवती का लंबे समय तक शारीरिक शोषण करने और जबरन गर्भपात कराने के आरोपी सिपाही प्रशांत राय को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी सिपाही मूल रूप से मिर्जापुर जिले के ड्रमडगंज थाना क्षेत्र के चंद्रगढ़ का निवासी है और वर्तमान में गाजीपुर पुलिस लाइन में तैनात था। सारनाथ थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि अजगरा क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता ने बीते 3 मई को आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पीड़िता का आरोप है कि प्रशांत ने शादी का वादा कर उसके साथ दुष्कर्म किया और जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी ने उसकी बेरहमी से पिटाई की और जबरन गर्भपात भी करवा दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सारनाथ पुलिस ने आरोपी सिपाही को मोबाइल पर संपर्क कर थाने बुलाया। वह अपने भाई कमल नारायण राय के साथ थाने पहुँचा, जहाँ पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया और पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी सिपाही के खिलाफ साक्ष्य संकलन की कार्रवाई पूरी कर ली गई है। सोमवार को ही आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस इस मामले में विभागीय स्तर पर भी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेज रही है। इस गिरफ्तारी के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मचा हुआ है।

Vinod Garg
Author: Vinod Garg

3 years experience in the field of journalism.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow Us Now