पुलिस लाइन चुर्क में 485 नवआरक्षियों की भव्य पासिंग आउट परेड: अनुशासन और शौर्य के साथ ली जनसेवा की शपथ

SHARE:


हर्षवर्धन, सोनभद्र। पुलिस लाइन चुर्क में रविवार को आयोजित दीक्षांत परेड समारोह में 485 रिक्रूट आरक्षियों ने कठिन प्रशिक्षण के बाद पुलिस बल में विधिवत प्रवेश किया। इस गरिमामय आयोजन में नवआरक्षियों ने अनुशासन, शारीरिक दक्षता और तकनीकी कौशल का अद्भुत प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस उप महानिरीक्षक (यातायात) अरविन्द कुमार मौर्या ने परेड की सलामी ली और 18 टोलियों के मार्चपास्ट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नवआरक्षियों का आत्मविश्वास और तालमेल देखते ही बनता था। मार्चपास्ट के दौरान कदम से कदम मिलाकर चलते हुए जवानों ने जब सलामी मंच से गुजरकर सलामी दी, तो पूरा परिसर गर्व और उत्साह से भर उठा।

इस अवसर पर प्रशिक्षण के विभिन्न विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जवानों को सम्मानित किया गया। समारोह में प्रशांत शुक्ला को ‘सर्वांग सर्वोत्तम प्रशिक्षार्थी’ चुना गया, जिन्होंने कुल 1246.1 अंक प्राप्त किए। इसी प्रकार बाह्य कक्षीय विषयों में भी प्रशांत शुक्ला और अंतः कक्षीय विषयों में नीरज ओझा को सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षार्थी के रूप में पुरस्कृत किया गया। इसके अतिरिक्त शारीरिक दक्षता, शस्त्र प्रशिक्षण, जंगल वॉरफेयर, भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों में निपुणता दिखाने वाले अन्य प्रशिक्षार्थियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर नवाजा गया।

मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा का सर्वोच्च माध्यम है। उन्होंने नवआरक्षियों को ईमानदारी, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करने की सीख दी। पुलिस अधीक्षक ने भी सभी जवानों को बधाई देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस की छवि को और सुदृढ़ बनाने में ये नए जवान महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने आमजन के प्रति मित्रवत पुलिसिंग पर जोर दिया। इस दीक्षांत परेड के दौरान सभी जवानों को कर्तव्यों के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई गई। समारोह में जिलाधिकारी चर्चित गौड़, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक, सभी क्षेत्राधिकारी और बड़ी संख्या में विभागीय अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन अत्यंत उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।

AJEET KUMAR SINGH
Author: AJEET KUMAR SINGH

अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 2 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"

Leave a Comment

Most Recent

Follow Us Now