कफ सिरप तस्करी: प्रशांत उपाध्याय के मददगार रिश्तेदारों पर पुलिस की नजर, संपत्तियों की कुर्की की तैयारी

SHARE:

वाराणसी।  कोडीनयुक्त कफ सिरप की अंतरराष्ट्रीय तस्करी के मामले में वांछित चल रहे आरोपी प्रशांत उपाध्याय पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। एसआईटी और कोतवाली पुलिस की टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस ने उसके मड़ौली स्थित सेंट जॉन्स कॉलोनी और महमूरगंज के बिरदोपुर आवास पर कुर्की की नोटिस चस्पा कर दी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि प्रशांत ने 30 अप्रैल तक न्यायालय में आत्मसमर्पण नहीं किया, तो उसकी संपत्तियों को कुर्क करने की कानूनी प्रक्रिया और तेज कर दी जाएगी। जांच के दौरान पुलिस को ऐसे पुख्ता इनपुट मिले हैं कि प्रशांत को फरार रहने में उसके करीबी रिश्तेदारों की अहम भूमिका है। जानकारी के अनुसार, कुछ रिश्तेदार कचहरी में उसकी कानूनी पैरवी के लिए सक्रिय हैं और अधिवक्ताओं के संपर्क में हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए एसआईटी अब उन रिश्तेदारों की गतिविधियों की निगरानी कर रही है और उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

इस अवैध कारोबार का मुख्य सरगना (किंगपिन) शुभम जायसवाल अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर है। पुलिस की तफ्तीश में यह सामने आया है कि प्रशांत और शुभम ने मिलकर कोडीनयुक्त कफ सिरप का एक ऐसा बड़ा नेटवर्क खड़ा किया था, जिसकी जड़ें अंतरराष्ट्रीय स्तर तक फैली थीं और खेप को बांग्लादेश तक भेजा जा रहा था। इस अवैध तस्करी के बदले करोड़ों रुपये का लेन-देन हवाला के माध्यम से किया गया। पुलिस की तकनीकी और सर्विलांस टीम लगातार आरोपियों की लोकेशन ट्रेस करने में जुटी है, हालांकि अब तक यह स्पष्ट है कि आरोपी देश के भीतर ही कहीं छिपे हुए हैं। पुलिस इस मामले के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है, जिसमें बिरदोपुर क्षेत्र की एक कीमती जमीन को लेकर आरोपी और उसके पट्टीदारों के बीच चल रहा पुराना विवाद भी जांच के दायरे में है। पुलिस के उच्चाधिकारियों का कहना है कि किसी भी सूरत में मुख्य आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

AJEET KUMAR SINGH
Author: AJEET KUMAR SINGH

अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 3 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow Us Now