रॉबर्ट्सगंज, सोनभद्र। जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने हाईवे पर सक्रिय डीजल और स्टेपनी टायर चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 90 लीटर चोरी का डीजल, तीन ट्रकों के स्टेपनी टायर और अन्य सामान बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में थाना रॉबर्ट्सगंज की टीम को उस समय बड़ी सफलता मिली, जब मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि टोल प्लाजा के पास कुछ संदिग्ध व्यक्ति चोरी का डीजल और टायर बेचने की फिराक में हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से कान्ता पटेल, प्रमोद उर्फ कातिया खरवार और रमेश केशरी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे हाईवे किनारे खड़े ट्रकों को निशाना बनाकर डीजल और स्टेपनी टायर चोरी करते थे। यह गिरोह काफी समय से सक्रिय था और चोरी के माल को स्थानीय बाजार में खपा देता था। गिरफ्तार अभियुक्त रमेश केशरी पर चोरी का सामान कम दाम में खरीदकर उसे बाजार में ऊंचे दामों पर बेचने का आरोप है। यह गिरोह चोरी के दौरान विरोध होने पर पत्थरों से हमला कर भागने में भी माहिर था। पुलिस ने सभी के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया है। बरामदगी में 90 लीटर डीजल (छह गैलन में), तीन स्टेपनी टायर, एक अतिरिक्त टायर, दो मोबाइल फोन और 2001 रुपये नकद शामिल हैं। इस कार्रवाई को सफल बनाने वाली टीम में चौकी प्रभारी लोढ़ी उमाशंकर यादव, चौकी प्रभारी चुर्क विनोद कुमार यादव, हेड कांस्टेबल मुन्ना सिंह यादव और कांस्टेबल राम सिंह यादव शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई से हाईवे पर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले अन्य अपराधियों में भी हड़कंप मचा हुआ है।
Author: Vinod Garg
2 years experience in the field of journalism.





