राजस्थानी गरबा सीजन-2 का हुआ भव्य आयोजन, पारंपरिक वेशभूषा में गरबा खेलते हुए नजर आए महिलाएं और पुरुष

SHARE:

सोनभद्र। जनपद मुख्यालय पर मंगलवार को आयोजित भव्य ‘सोनभद्र राजस्थानी गरबा सीजन-2’ ने न केवल कला और संस्कृति का अनूठा रंग बिखेरा, बल्कि महिला एकजुटता, अदम्य आत्मविश्वास और सामूहिक शक्ति का एक प्रेरणादायक संदेश भी समाज को दिया। डांडिया और गरबा की धुनों से सजे इस भव्य आयोजन में जिलेभर की महिलाओं का उत्साह देखते ही बनता था। कार्यक्रम की संचालक एडवोकेट अनीता थरड और रितु जालान ने अपने संस्मरण साझा करते हुए बताया कि इस आयोजन को धरातल पर उतारने और सफल बनाने के सफर में कई प्रकार की चुनौतियां सामने आईं, लेकिन महिला कमेटी की सभी सदस्यों ने विपरीत परिस्थितियों में भी हिम्मत नहीं हारी और डटी रहीं। उन्होंने कहा कि सोनभद्र की महिलाओं से मिले अपार स्नेह, विश्वास और सहयोग ने ही उन्हें हर कदम पर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी, जिससे यह साबित हो गया कि यदि महिलाएं ठान लें और एकजुट होकर प्रयास करें, तो वे किसी भी बड़े लक्ष्य को आसानी से प्राप्त कर सकती है

श्री राणी सती दादी भक्त महिला मंडल और मारवाड़ी युवा मंच सोन महिला शाखा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शानदार कार्यक्रम की पूरी वित्तीय व्यवस्था और प्रबंधन की कमान मारवाड़ी महिला कमेटी ने संभाली थी। इस सफल आयोजन को मूर्त रूप देने में शीला जैन, ममता जालान, मीरा जालान, रितु जालान, एडवोकेट अनीता थरड, सविता चौधरी, सुनीता झुनझुनवाला, शिप्रा झुनझुनवाला और दीप्ति केडिया जैसी कर्मठ महिलाओं ने अपनी अहम भूमिका निभाई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) जागृति अवस्थी ने इस अनूठे आयोजन की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि समाज में महिलाओं के सर्वांगीण विकास और उन्हें मंच प्रदान करने के लिए ऐसे सांस्कृतिक आयोजन निरंतर होने चाहिए। इसके साथ ही महिला थाना प्रभारी रीता यादव ने भी विशेष रूप से उपस्थित रहकर कार्यक्रम में शिरकत की और बालिकाओं व महिलाओं का उत्साहवर्धन किया। राजधानी दिल्ली से विशेष तौर पर आईं लोकप्रिय एंकर आकृति मिश्रा और डीजे बाबू की मनमोहक प्रस्तुतियों ने पूरे पंडाल में ऐसा समां बांधा कि हर कोई झूमने को मजबूर हो गया। इस सफल और भव्य आयोजन ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया कि यदि महिलाओं को थोड़ा अवसर और सकारात्मक सहयोग मिले, तो वे हर क्षेत्र के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी अभूतपूर्व व ऐतिहासिक योगदान दे सकती हैं।

Harsh Vardhan
Author: Harsh Vardhan

9 years experience in the field of journalism.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now