आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । जिले में मानकों की अनदेखी कर अल्ट्रासाउंड सेंटरों के संचालन की मिल रही शिकायतों के बीच स्वास्थ्य विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रमेश कुमार मिश्रा ने पीसीपीएनडीटी अधिनियम के तहत अल्ट्रासाउंड केंद्रों के पंजीकरण और नवीनीकरण की प्रक्रिया में संबंधित चिकित्सकों की उपस्थिति अनिवार्य कर दी है। इसके बावजूद सीएमओ कार्यालय में आयोजित बैठक में नौ आवेदनों के सापेक्ष महज चार केंद्रों के चिकित्सक ही पहुंचे। चिकित्सकों की इस गैरहाजिरी पर सीएमओ ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट चेतावनी दी कि आगामी बैठक में चिकित्सक के अनुपस्थित रहने पर संबंधित आवेदन नियमानुसार निरस्त कर दिया जाएगा।
मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय में पीसीपीएनडीटी अधिनियम के अंतर्गत पोर्टल पर प्राप्त ऑनलाइन आवेदनों के निस्तारण के लिए बैठक बुलाई गई थी। इसमें संबंधित अल्ट्रासाउंड केंद्रों के प्रबंधकों, स्वामियों और चिकित्सकों को उपस्थित होने के निर्देश दिए गए थे। पोर्टल पर कुल नौ आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें आठ नए पंजीकरण और एक आवेदन नवीनीकरण से संबंधित था। हालांकि, बैठक में केवल चार केंद्रों के चिकित्सक ही उपस्थित हुए। ऐसे में शेष आवेदनों से संबंधित चिकित्सकों की गैरमौजूदगी ने विभागीय प्रक्रिया में उनकी गंभीरता पर सवाल खड़े कर दिए।
सीएमओ ने दी दो टूक चेतावनी –
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 रमेश कुमार मिश्रा ने संबंधित प्रतिष्ठान स्वामियों को निर्देशित किया कि वे आगामी बैठक में अपने-अपने केंद्रों के चिकित्सकों की उपस्थिति हर हाल में सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पीसीपीएनडीटी अधिनियम के तहत पंजीकरण और नवीनीकरण के लिए निर्धारित प्रक्रिया का पालन करना अनिवार्य है। अगली बैठक में चिकित्सक के उपस्थित नहीं होने पर संबंधित आवेदन को नियमानुसार निरस्त कर दिया जाएगा।
शिकायतों के बीच निगरानी पर जोर –
गौरतलब है कि जिले में कुछ अल्ट्रासाउंड केंद्रों के मानकों के विपरीत संचालन और चिकित्सकों की उपलब्धता को लेकर शिकायतें मिलती रही हैं। ऐसे में पंजीकरण और नवीनीकरण की प्रक्रिया के दौरान संबंधित चिकित्सकों की उपस्थिति सुनिश्चित करना महत्वपूर्ण है। विभागीय स्तर पर अपनाई जा रही सख्ती का उद्देश्य निर्धारित नियमों के अनुरूप केंद्रों का संचालन सुनिश्चित करना और पंजीकरण प्रक्रिया में जवाबदेही तय करना है।
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....






