आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । थाना क्षेत्र के चपकी गांव में मंगलवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब घर के समीप महुआ के पेड़ से गमछे के सहारे 63 वर्षीय वृद्ध का शव लटकता मिला। मृतक की पहचान चपकी गांव निवासी शिवभजन (63वर्ष) पुत्र गोपाल के रूप में हुई। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। वहीं, मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब पांच बजे शिवभजन का शव घर के पास स्थित महुआ के पेड़ से लटकता मिला। बताया जा रहा है कि सोमवार की रात पड़ोसी के साथ किसी बात को लेकर उनकी कहासुनी हुई थी। इसके बाद से वह परेशान थे। परिजनों ने आशंका जताई कि इसी बात से क्षुब्ध होकर उन्होंने आत्मघाती कदम उठाया हो।
मृतक के कोई संतान नहीं थी। उनके भाई की बहू सीता कुंवर और परिवार के अन्य सदस्य उनकी देखभाल करते थे। सीता कुंवर के मुताबिक, सोमवार की रात शिवभजन को खाना देने के बाद वह सोने चली गई थीं। मंगलवार की सुबह जब उठीं तो शिवभजन कमरे में नहीं थे। खोजबीन के दौरान घर के समीप महुआ के पेड़ से उनका शव लटकता मिला।
घटना की सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक शिवमूरत यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....





