आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । जिले में आवागमन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए चल रहे निर्माण कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी क्रम में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने पटवध-बसुआरी मार्ग और घाघर नदी पर निर्माणाधीन सेतु परियोजना का निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने घाघर नदी पर बन रहे पुल का निर्माण नवंबर माह तक हर हाल में पूरा कराने का निर्देश दिया। वहीं, पटवध-बसुआरी मार्ग के निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर काम पूरा करने पर जोर दिया। डीएम ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं होगा।
80 फीसदी पूरा हुआ पुल का निर्माण –
पटवध-बसुआरी मार्ग पर मुख्य जिला मार्ग के किलोमीटर-3 में घाघर नदी पर सेतु और पहुंच मार्ग का निर्माण जिला खनिज न्यास फाउंडेशन की परियोजना के तहत कराया जा रहा है। इस परियोजना की भौतिक प्रगति 80 प्रतिशत तक पहुंच गई है। कार्य पूर्ण करने की निर्धारित तिथि 31 अक्टूबर 2026 है। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शेष कार्यों को तेजी से पूरा कराते हुए नवंबर माह तक पुल का निर्माण अनिवार्य रूप से पूर्ण कराया जाए, ताकि लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सके।
पटवध-बसुआरी मार्ग का 43 प्रतिशत काम पूरा –
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पटवध-बसुआरी मार्ग के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की। इस परियोजना की भौतिक प्रगति वर्तमान में 43 प्रतिशत है। इसकी पुनरीक्षित पूर्णता तिथि 31 मार्च 2027 निर्धारित की गई है। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए और निर्धारित समयसीमा के भीतर परियोजना को पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं में अनावश्यक देरी से आमजन को परेशानी होती है, इसलिए अधिकारी निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें।
गुणवत्ता में लापरवाही पर होगी कार्यवाही –
जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति पर विशेष जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप कराए जाएं और कार्यस्थल पर नियमित निगरानी रखी जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परियोजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराकर आमजन को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान अर्थ एवं संख्याधिकारी राजेश कुमार, अपर संख्याधिकारी जय सिंह, अधिशासी अभियंता मनोज नायक, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित संबंधित अधिकारी और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....






