आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
म्योरपुर । बीजपुर-मुर्धवा मार्ग पर रासपहरी गांव के पास शनिवार और रविवार की मध्यरात्रि मक्के का बीज लदा डीसीएम ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकराने के बाद पलट गया। हादसे में चालक का पैर स्टेयरिंग में बुरी तरह दब गया, जिससे वह केबिन के अंदर फंस गया। चार घंटे तक जिंदगी और मौत से जूझते रहे चालक को पुलिस और स्थानीय लोगों की कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सका। गंभीर रूप से घायल चालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घायल चालक की पहचान बिहार के औरंगाबाद निवासी जितेंद्र सिंह (48वर्ष) पुत्र राघव सिंह के रूप में हुई है। बताया गया कि ट्रक छत्तीसगढ़ से मक्के का बीज लादकर दिल्ली जा रहा था। रासपहरी गांव के पास पहुंचते ही ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क के दाहिने किनारे पेड़ से टकरा गया और पलट गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया और उसका पैर स्टेयरिंग में दब गया।
गैस कटर से काटकर निकाला गया ड्राइवर –
हादसे के वक्त ट्रक के पीछे बाइक से आ रहे अनुराग दूबे, पीयूष मिश्रा, गौरव और सतीश ने दुर्घटना देखा तो तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी जितेंद्र सरोज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। केबिन में फंसे चालक को बाहर निकालने के लिए तत्काल प्रयास शुरू किए गए। पहले जेसीबी की मदद से उसे निकालने की कोशिश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसी दौरान ट्रक में आग लगने लगी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, पानी डालकर आग पर काबू पा लिया गया। इसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई, सूचना पाकर मौके पर पहुँची फायर ब्रिगेड के जवानों के बचाव कार्य में जुटे लोगों की मदद से पहले आग पर काबू पाते हुए गैस कटर की मदद से केबिन काटकर चालक को बाहर निकाला गया। वहीं हादसे की जानकारी मिलने पर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर –
रेस्क्यू के बाद घायल चालक को सीएचसी म्योरपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक डॉ0 धर्मराज मौर्य ने प्राथमिक उपचार किया। चालक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चालक को नींद की झपकी आने के कारण ट्रक अनियंत्रित होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....






