आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । समान कार्य के लिए समान वेतन और नियमितीकरण की मांग को लेकर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के संविदा कर्मचारियों का आंदोलन तेज होता जा रहा है। जिले में लगातार दूसरे दिन भी कर्मचारियों का कार्य बहिष्कार और धरना-प्रदर्शन जारी रहा। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष मयंक प्रताप सिंह के निर्देश पर जिलाध्यक्ष पुष्पेंद्र शुक्ला के नेतृत्व में बड़ी संख्या में संविदा कर्मचारी मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय परिसर में जुटऔर अपनी लंबित मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। कर्मचारियों ने प्रदेश सरकार से मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील करते हुए कहा कि समाधान नहीं होने पर आंदोलन को प्रदेश स्तर पर ले जाया जाएगा।
समान कार्य-समान वेतन और नियमितीकरण की मांग –
धरना-प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने समान कार्य-समान वेतन और नियमितीकरण की मांग प्रमुखता से उठाई। उनका कहना था कि एनएचएम संविदा कर्मचारी लंबे समय से स्वास्थ्य सेवाओं में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं, लेकिन उनकी प्रमुख मांगों का अब तक समाधान नहीं हो सका है। इससे कर्मचारियों में असंतोष बढ़ रहा है और उन्हें अपनी मांगों के समर्थन में आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है।
कर्मचारियों ने शासन-प्रशासन के माध्यम से प्रदेश सरकार से आग्रह किया कि उनकी समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर समयबद्ध निर्णय लिया जाए, ताकि उन्हें सम्मानजनक कार्य परिस्थितियां मिल सकें और वे बिना किसी अनिश्चितता के स्वास्थ्य सेवाओं में अपना योगदान जारी रख सकें।
मांगें नहीं मानीं तो लखनऊ में होगा आंदोलन –
संघ की ओर से बताया गया कि कल यानी 10 अक्टूबर को भी सीएमओ कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार की ओर से उनकी मांगों पर सकारात्मक सहमति नहीं बनती है, तो सोमवार से लखनऊ में प्रदेश स्तर पर कार्य बहिष्कार और धरना-प्रदर्शन को आगे बढ़ाया जाएगा।
आंदोलनरत कर्मचारियों ने कहा कि वे अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेंगे। उनका मानना है कि लंबित समस्याओं का समाधान होने से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर ढंग से संचालित करने में भी मदद मिलेगी।
कई ब्लॉकों के कर्मचारी धरने में शामिल –
धरना-प्रदर्शन में जिले के विभिन्न ब्लॉकों से आए एनएचएम संविदा कर्मचारी शामिल हुए। चोपन ब्लॉक से डॉ0 हिमांशु और डॉ0 नंद कुमार शर्मा, केकराही ब्लॉक से डॉ0 अभिषेक पांडेय, नितेश साहू, डॉ0 राजकुमार और करिश्मा ने सहभागिता की।
इसी तरह चतरा ब्लॉक से डॉ0 राकेश पांडेय, डॉ0 रवि मिश्रा, डॉ0 बुबाई जोयारदार और रविकांत रहमान मौजूद रहे। नगवा ब्लॉक से डॉ0 राजेश गुप्ता, डॉ0 संजय पांडेय, पंकज कुशवाहा, ओम प्रकाश शुक्ला, बृजेश दुबे, सूर्यकांत शुक्ला, ओम प्रकाश प्रजापति, मनोज कुमार, ज्ञान प्रकाश चतुर्वेदी, वर्षा रानी, डॉ0 निषाद बानो, स्वाति पटेल और कामेश्वर राय सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी धरने में शामिल हुए।






