आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• कहीं सज रहे भव्य पंडाल, कहीं संवर रहीं प्रतिमाएं
सोनभद्र । शारदीय नवरात्रि के नजदीक आते ही सोनभद्र में मां दुर्गा के स्वागत की तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। जिले के शहरी और ग्रामीण इलाकों में दुर्गा पूजा पंडालों को भव्य स्वरूप देने के लिए कारीगर दिन-रात मेहनत कर रहे हैं, वहीं मूर्तिकार मां दुर्गा की प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। पूजा समितियां भी सजावट, प्रकाश व्यवस्था और अन्य तैयारियों को पूरा करने में लगी हैं। जिले में इस बार कुल 494 दुर्गा पूजा पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित किए जाने की तैयारी है। धार्मिक उत्साह के बीच प्रशासन भी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सतर्क है।
494 पंडालों में होगी मां दुर्गा की आराधना –
जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दुर्गा पूजा की तैयारियां तेज हो गई हैं। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र में सर्वाधिक 74 पंडाल स्थापित किए जाने हैं। इसके बाद पन्नूगंज में 55 पंडालों की तैयारी है। करमा में 31, शाहगंज और बभनी में 29-29, जबकि घोरावल और कोन में 28-28 पंडाल बनाए जा रहे हैं। इसी क्रम में विंढमगंज में 26, रायपुर में 24, चोपन में 21, दुद्धी और बीजपुर में 20-20 तथा बरकोनिया में 18 पंडालों की तैयारी की गई है। मांची और जुगैल में 16-16, पिपरी में 15, ओबरा में 14, अनपरा में 12 और शक्तिनगर में 11 पंडाल स्थापित किए जाने हैं। वहीं म्योरपुर में चार और हाथीनाला में तीन पंडालों की सूची दी गई है। इन पंडालों में प्रतिमा स्थापना के साथ पूजा-अर्चना और अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में जुटे मूर्तिकार –
नवरात्रि की तैयारियों के बीच मूर्तिकारों के यहां भी काम तेजी से चल रहा है। नगर में मूर्ति कलाकार हीरू पाल सहित अन्य कलाकार मां दुर्गा की प्रतिमाओं के रंग-रोगन और साज-सज्जा में व्यस्त हैं। प्रतिमाओं को आकर्षक रूप देने के लिए चेहरे की बनावट से लेकर वस्त्रों, आभूषणों और रंगों तक पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कहीं प्रतिमाओं की रंगाई चल रही है तो कहीं उन्हें अंतिम रूप दिया जा रहा है।
मूर्तिकारों के सामने निर्धारित समय में प्रतिमाओं को तैयार कर पूजा समितियों तक पहुंचाने की चुनौती है। यहीं वजह है कि कार्यशालाओं में काम तेज हो गया है। दूसरी ओर, पूजा समितियां भी पंडालों की सजावट, विद्युत प्रकाश और अन्य व्यवस्थाओं को पूरा करने में जुटी हैं। नवरात्रि करीब आने के साथ ही आयोजकों और श्रद्धालुओं का उत्साह भी बढ़ता जा रहा है।
पीस कमेटी की बैठक में शांति और सौहार्द से त्यौहार मनाने की अपील –
दुर्गा पूजा और शारदीय नवरात्रि के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन भी सक्रिय है। जिलाधिकारी चर्चित गोंड की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक में लोगों से पर्व को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की गई है। धार्मिक आयोजनों के दौरान सामाजिक सद्भाव बनाए रखने और आपसी सहयोग से कार्यक्रम संपन्न कराने पर जोर दिया गया है। प्रशासन की ओर से पूजा समितियों और आमजन से त्योहार की गरिमा बनाए रखने तथा जिम्मेदारी के साथ आयोजन करने की अपेक्षा की गई है, ताकि पर्व के दौरान कहीं भी शांति व्यवस्था प्रभावित न हो और सभी लोग उत्साहपूर्वक त्योहार मना सकें।
भक्ति और उल्लास के माहौल में डूबेगा जनपद –
शारदीय नवरात्रि को लेकर जिले में तैयारियां लगातार तेज हो रही हैं। एक ओर पंडालों को भव्य रूप देने में कारीगर जुटे हैं तो दूसरी ओर मूर्तिकार मां दुर्गा की प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में लगे हैं। पूजा समितियां व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटी हैं, जबकि प्रशासन शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने की तैयारी कर रहा है। नवरात्रि के आगमन के साथ ही जिले के 494 पंडालों में मां दुर्गा की आराधना, धार्मिक आयोजनों और श्रद्धालुओं की आवाजाही से भक्तिमय माहौल बनने की उम्मीद है।






