आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । शारदीय नवरात्र के उल्लास के बीच नगवां ब्लॉक क्षेत्र के पनिकप खुर्द गांव में एक दर्दनाक हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। गुरुवार शाम बारिश के दौरान डीजे वाहन पर तिरपाल डाल रहा 24 वर्षीय मूर्ति कलाकार ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के विद्युत तार की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वैनी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक की पहचान पनिकप खुर्द गांव निवासी संदीप विश्वकर्मा (24वर्ष) पुत्र कांता प्रसाद विश्वकर्मा के रूप में हुई है। वह रायपुर थाना क्षेत्र के खलियारी बाजार से आगे मुख्य मार्ग पर ‘विश्वकर्मा मूर्ति कला केन्द्र’ के नाम से दुकान चलाते थे। संदीप मूर्ति निर्माण के कुशल कलाकार थे और कम उम्र में ही अपनी कला के दम पर क्षेत्र में पहचान बना चुके थे।
नवरात्र के लिए तैयार कर रहे थे दुर्गा प्रतिमाएं –
परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, शारदीय नवरात्र को देखते हुए संदीप दुर्गा प्रतिमाओं समेत विभिन्न देवी-देवताओं की मूर्तियां तैयार करने में जुटे थे। उन्हें कई स्थानों से प्रतिमाएं बनाने के ऑर्डर भी मिले थे। मूर्ति निर्माण के साथ वह डीजे बजाने का काम भी करते थे। त्योहार के मद्देनजर वह अपने काम में व्यस्त थे, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि एक हादसा उनकी जिंदगी छीन लेगा।
बताया गया कि बुधवार शाम करीब साढ़े छह बजे अचानक बारिश शुरू हो गई। बारिश से डीजे के सामान को बचाने के लिए संदीप वाहन पर चढ़कर तिरपाल डालने लगे। इसी दौरान वाहन के ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के विद्युत तार की चपेट में आ गए। तेज करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलसकर गिर पड़े।
अस्पताल पहुंचने से पहले छिन गई जिंदगी –
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल संदीप को उपचार के लिए सीएचसी वैनी पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की असामयिक मौत की खबर घर पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। नवरात्र से पहले परिवार ने जिस बेटे से खुशियों की उम्मीद लगा रखी थी, उसकी मौत से घर में मातम पसर गया।
कलाकार की मौत से क्षेत्र में शोक –
संदीप की मौत से स्थानीय लोग भी स्तब्ध हैं। त्योहार के लिए देवी-देवताओं की प्रतिमाएं तैयार करने वाले एक युवा कलाकार की इस तरह असमय मौत से क्षेत्र में शोक व्याप्त है। जिस कलाकार के हाथों से नवरात्र में मां दुर्गा की प्रतिमाएं आकार लेने वाली थीं, उसकी मौत ने परिवार के साथ-साथ उन लोगों को भी दुखी कर दिया है, जिन्होंने उससे प्रतिमाएं बनवाने का ऑर्डर दिया था।






