आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । वाराणसी खंड स्नातक एवं खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के आगामी विधान परिषद चुनाव को लेकर सोनभद्र में मतदेय स्थलों के प्रस्तावों को मंजूरी दे दी गई है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गौड़ ने निर्वाचन प्रक्रिया के तहत स्नातक और शिक्षक मतदाताओं के लिए अलग-अलग मतदान केंद्र निर्धारित किए हैं। जिले में स्नातक निर्वाचन के लिए 21 और शिक्षक निर्वाचन के लिए 13 मतदेय स्थल तय किए गए हैं। इन केंद्रों पर संबंधित निर्वाचन क्षेत्र के पात्र मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ तथा आयुक्त वाराणसी मंडल एवं रिटर्निंग ऑफिसर, वाराणसी खंड स्नातक एवं खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के निर्देशों के अनुपालन में मतदेय स्थलों के प्रस्तावों को अनुमोदित किया गया है। निर्वाचन विभाग की ओर से मतदेय स्थलों का निर्धारण संबंधित मतदाता वर्ग और निर्धारित मतदान क्षेत्र के आधार पर किया गया है।
स्नातक निर्वाचन के लिए 21 मतदेय स्थल –
वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए जिले में कुल 21 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। इनमें घोरावल और करमा के विकास खंड कार्यालय, राबर्ट्सगंज स्थित राजा शारदा महेश इंटर कॉलेज, चुर्क स्थित जय ज्योति उच्च माध्यमिक विद्यालय, चतरा, नगवां, चोपन और कोन के विकास खंड कार्यालय शामिल हैं।
इसके अलावा ओबरा इंटर कॉलेज, दुद्धी विकास खंड कार्यालय, बीजपुर स्थित कंपोजिट विद्यालय, बभनी विकास खंड कार्यालय, रेणुकूट स्थित आदित्य बिरला इंटरमीडिएट कॉलेज, पिपरी स्थित राजकीय इंटर कॉलेज, अनपरा स्थित राजकीय इंटर कॉलेज तथा बीना प्रोजेक्ट स्थित प्राथमिक पाठशाला को भी मतदेय स्थल बनाया गया है। इन केंद्रों के अंतर्गत संबंधित नगर पंचायतों, नगर पालिका परिषद और निर्धारित विकास खंड क्षेत्रों को शामिल किया गया है। इन मतदेय स्थलों पर केवल पात्र स्नातक मतदाता ही मतदान कर सकेंगे।
शिक्षक निर्वाचन के लिए 13 केंद्र निर्धारित –
वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए जिले में कुल 13 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। इनमें घोरावल, करमा, राबर्ट्सगंज, चतरा, नगवां, चोपन, ओबरा, कोन, दुद्धी, बभनी, रेणुकूट, अनपरा और बीना के निर्धारित केंद्र शामिल हैं।
इनमें संबंधित विकास खंड कार्यालयों के साथ राजा शारदा महेश इंटर कॉलेज, ओबरा इंटर कॉलेज, आदित्य बिरला इंटरमीडिएट कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज अनपरा और प्राथमिक पाठशाला बीना प्रोजेक्ट जैसे संस्थानों को मतदान केंद्र बनाया गया है। इन मतदेय स्थलों के अंतर्गत संबंधित नगर पंचायतों, नगर पालिका परिषद और निर्धारित ग्रामीण एवं विकास खंड क्षेत्रों को शामिल किया गया है। इन केंद्रों पर केवल पात्र शिक्षक मतदाता ही अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।
मतदाता पहले से कर लें केंद्र की जानकारी –
जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गोंड ने निर्वाचन से संबंधित मतदाताओं से अपने निर्धारित मतदेय स्थल की जानकारी पहले से प्राप्त करने की अपील की है, ताकि मतदान के दिन किसी प्रकार की असुविधा न हो। स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए अलग-अलग मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। ऐसे में मतदाताओं को अपने निर्वाचन क्षेत्र और मतदाता वर्ग के अनुरूप निर्धारित केंद्र पर ही मतदान करना होगा।






