Sonbhadra News : माँ विंध्यवासिनी के दर्शन की राह होगी आसान, विंध्याचल के लिए चलेंगी 20 मेला स्पेशल बसें

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

• मां विंध्यवासिनी के दर्शन को जाने वाले श्रद्धालुओं को मिलेगी राहत

• हर 20 से 25 मिनट पर उपलब्ध होगी बस सेवा

• कल से 21 अक्टूबर तक सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक हिन्दुआरी से मिर्जापुर रोड पर भारी वाहनों की रहेगी ‘नो इंट्री’

सोनभद्र । शारदीय नवरात्र में मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए विंध्याचल धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की राह आसान करने के लिए परिवहन निगम ने विशेष तैयारी की है। 11 अक्टूबर से शारदीय नवरात्र की शुरुआत को देखते हुए सोनभद्र से मिर्जापुर होते हुए विंध्याचल तक 20 रोडवेज बसों के संचालन की व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हर 20 से 25 मिनट के अंतराल पर बस सेवा उपलब्ध कराने की तैयारी है। इससे नवरात्र में मां के दर्शन की इच्छा रखने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। वहीं सोनभद्र पुलिस के निर्देशानुसार 10 अक्टूबर की सुबह छह बजे से 21 अक्टूबर की रात 10 बजे तक हिंदुआरी चौकी से मीरजापुर की ओर भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।

विंध्यनगर और सोनभद्र डिपो से चलेंगी 15 अतिरिक्त मेला स्पेशल बसें –

शारदीय नवरात्र के दौरान विंध्याचल धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए परिवहन निगम ने मिर्जापुर-विंध्याचल मार्ग पर अतिरिक्त बसें चलाने का निर्णय लिया है। इसके तहत 15 अतिरिक्त रोडवेज बसों के संचालन का निर्देश दिया गया है। इनमें सोनभद्र डिपो की 10 और विंध्यनगर डिपो की पांच बसें शामिल हैं।

पांच बसों के साथ शुरू होगी व्यवस्था, फिर बढ़ेगी संख्या –

वर्तमान में सोनभद्र से मिर्जापुर होते हुए विंध्याचल मार्ग पर पांच रोडवेज बसों का संचालन किया जा रहा है। इनमें सोनभद्र डिपो की दो और विंध्यनगर डिपो की तीन बसें शामिल हैं। नवरात्र मेला के दौरान 15 अतिरिक्त बसें चलने से इस मार्ग पर कुल 20 बसों की सेवा उपलब्ध होगी। इससे श्रद्धालुओं को बसों के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा और दर्शन के लिए आने-जाने में सहूलियत होगी।

10 से 21 अक्टूबर तक भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित –

10 से 21 अक्टूबर तक भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित
शारदीय नवरात्र-2026 के मद्देनजर मीरजापुर जनपद के विंध्याचल स्थित मां विंध्यवासिनी धाम में आयोजित मेले को देखते हुए सोनभद्र पुलिस ने रूट डायवर्जन लागू किया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा द्वारा जारी निर्देश के अनुसार, 10 अक्टूबर को सुबह छह बजे से 21 अक्टूबर 2026 को रात 10 बजे तक चौकी हिंदुआरी, थाना रॉबर्ट्सगंज से मीरजापुर की ओर भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। एसपी ने सभी भारी वाहन चालकों से निर्धारित रूट डायवर्जन का पालन करने की अपील की है। साथ ही यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने को कहा है, ताकि नवरात्र मेले के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही में किसी तरह की बाधा न आए।

श्रद्धालुओं की संख्या के अनुसार बढ़ेंगी बसें –

सोनभद्र डिपो के एआरएम नागेंद्र पांडेय ने बताया कि “शारदीय नवरात्र में श्रद्धालुओं को विंध्याचल धाम आने-जाने में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए 15 मेला स्पेशल रोडवेज बसें चलाने का निर्देश मिला है। यात्रियों की संख्या और बसों की मांग को देखते हुए जरूरत पड़ने पर बसों की संख्या और बढ़ाई जाएगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow Us Now