लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी सरकार पर दवा कंपनियों से कमीशन लेने का गंभीर आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जो सरकार खुद भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी में लिप्त हो, वह भला दवा कंपनियों की मनमानी पर कैसे शिकंजा कस सकेगी। सोमवार को जारी अपने एक बयान में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के शासनकाल में भ्रष्टाचार और महंगाई चरम पर पहुंच चुकी है। प्रदेश में दवाओं की बेतहाशा बढ़ती कीमतों के लिए भी उन्होंने सरकार की कमीशनखोरी की नीति को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया।
सपा प्रमुख ने सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि चढ़ावा चोरों की झूठी बातों और खोखले दावों पर अब जनता को बिल्कुल भी भरोसा नहीं रह गया है। इसके साथ ही उन्होंने भाजपा पर सत्ता का दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार अपने लोगों पर दर्ज आपराधिक मुकदमे वापस ले रही है, जबकि विपक्ष के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर फर्जी मुकदमे लादे जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में सत्ता से जुड़े लोग गंभीर अपराधों को अंजाम देने के बाद भी खुलेआम घूम रहे हैं और सरकार उन्हें पूरा संरक्षण प्रदान कर रही है।
Author: NAV HIND SAMACHAR
Navhind News is a leading multilingual news agency in India. Its primary focus is to provide print, electronic, and digital media with news on international, national, regional, and local events, as well as on topics such as literature, art, culture, religion, spirituality, economics, business, sports, science, technology, entertainment, health, and law.





