Sonbhadra News : सेवा संकल्प अभियान से गांव-गांव पहुंचेगा जनसेवा का संदेश, विकसित भारत-2047 पर रहेगा जोर

SHARE:

सोनभद्र । जनपद में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ प्रभावी और परिणामपरक बनाने की तैयारी तेज हो गई है। अभियान के जरिए गांव से शहर तक सेवा, जनकल्याण और जनभागीदारी की भावना को पहुंचाने के साथ केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया जाएगा। इसी को लेकर प्रभारी मंत्री एवं राज्य मंत्री, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग हंसराज विश्वकर्मा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में एमएलसी विनीत कुमार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, जिलाधिकारी चर्चित गौड़ सहित जनप्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अभियान की तैयारियों की समीक्षा की।

गांव से शहर तक दिखे अभियान का असर

प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान महज कार्यक्रमों के आयोजन तक सीमित न रहे, बल्कि इसे जनसेवा, जनकल्याण और जनभागीदारी का व्यापक आंदोलन बनाया जाए। इसका प्रभाव ग्राम पंचायतों से लेकर नगरीय क्षेत्रों तक दिखाई देना चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाई जाए तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के लिए पूरी संवेदनशीलता और सक्रियता के साथ काम किया जाए।

रक्तदान से लेकर दिव्यांग कैंप तक होंगे आयोजन

अभियान के दौरान रक्तदान शिविर, दिव्यांगजन कल्याण कैंप, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य एवं पोषण गतिविधियां, शिक्षा एवं युवा संवाद, रोजगार एवं आजीविका कार्यक्रम सहित विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

इन कार्यक्रमों में युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों, स्वयं सहायता समूहों, लाभार्थियों और आम नागरिकों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। 17 सितंबर से ही रक्तदान शिविर, दिव्यांग कैंप और विभिन्न जनसहभागिता कार्यक्रमों की शुरुआत प्रस्तावित है।

सफलता की कहानियां भी बनेंगी अभियान का हिस्सा

प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकारी योजनाओं से लोगों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव और लाभार्थियों की सफलता की कहानियों को भी अभियान की पहचान बनाया जाए। जिले में हुए विकास और जनकल्याणकारी कार्यों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के साथ डिजिटल माध्यमों से फोटो, वीडियो और सफलता की कहानियों का प्रचार-प्रसार किया जाए।

जनप्रतिनिधियों और आमजन की सहभागिता जरूरी

भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता ने कहा कि अभियान को व्यापक स्वरूप देने के लिए जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और आमजन की सक्रिय सहभागिता जरूरी है। सेवा एवं जनकल्याण की भावना गांव-गांव तक पहुंचे और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं।

उन्होंने कहा कि अभियान में समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी दिखाई देनी चाहिए और सेवा का संदेश घर-घर तक पहुंचना चाहिए।

औपचारिक आयोजन नहीं, धरातल पर दिखे परिणाम

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि अभियान के तहत होने वाले कार्यक्रम केवल औपचारिक आयोजन बनकर न रह जाएं, बल्कि उनका सकारात्मक परिणाम धरातल पर दिखाई देना चाहिए। सभी नोडल अधिकारी अपने विभाग से संबंधित तैयारियां समय से पूरी करें और विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।

उन्होंने कार्यक्रमों में अधिक से अधिक लाभार्थियों और आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ अभियान की गतिविधियों, विकास कार्यों और लाभार्थियों की सफलता की कहानियों को फोटो एवं वीडियो के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

ग्राम पंचायत से जनपद स्तर तक चलेगा अभियान –

मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने बैठक में सेवा संकल्प अभियान की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ग्राम पंचायत, विकासखंड और जनपद स्तर पर स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, स्वच्छता, रोजगार, युवा सहभागिता, जनजागरूकता और जनकल्याण से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने विभागवार दायित्व और नोडल अधिकारियों की जिम्मेदारियों की भी जानकारी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now