रॉबर्ट्सगंज (सोनभद्र)। रॉबर्ट्सगंज विधानसभा-401 अंतर्गत चुर्क स्थित हरसेवानंद विद्यालय में भारतीय जनता पार्टी द्वारा भव्य बूथ अध्यक्ष सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में बतौर मुख्य वक्ता पधारे मिर्जापुर के पूर्व जिलाध्यक्ष बालेंदु मणि त्रिपाठी ने बूथ अध्यक्षों का आह्वान करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की नीतियों तथा करोड़ों निष्ठावान कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम से आज ‘कमल का फूल’ देश में उन्नति, सुरक्षा और समृद्धि की पहचान बन चुका है। उन्होंने कहा कि आज देश और प्रदेश का पूरा वातावरण भाजपा के पक्ष में है, ऐसे में अब प्रत्येक कार्यकर्ता का प्राथमिक दायित्व है कि वह मतदाताओं से सीधा संवाद बनाकर उन्हें मतदान केंद्र तक पहुंचाने और मतदान दिवस पर बूथ को मजबूत बनाए रखने का कार्य पूरी जिम्मेदारी से करे।
बालेंदु मणि त्रिपाठी ने कहा कि ‘मजबूत बूथ ही विजय का आधार है’ और इसके लिए बूथ के सभी मतदाताओं, सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों तथा समाज के प्रत्येक वर्ग से नियमित संपर्क बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने संगठन की मजबूती का मंत्र देते हुए सुझाव दिया कि बैठकों में सभी कार्यकर्ता अपने-अपने घर से टिफिन लाकर एक साथ भोजन करें, जिससे संगठन में पारिवारिक आत्मीयता और समरसता विकसित होती है। उन्होंने पूर्ववर्ती सपा, बसपा और कांग्रेस सरकारों पर हमला बोलते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में प्रदेश में अपराध और भय का माहौल था, जबकि भाजपा सरकार में कानून का राज स्थापित हुआ है। सम्मेलन में एक नया प्रयोग करते हुए बूथवार सिटिंग प्लान बनाया गया था, जिससे बैठक पूरी तरह से बूथ केंद्रित नजर आई।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए सदर विधायक भूपेश चौबे ने कार्यकर्ताओं से कहा कि भाजपा सरकार और पूर्ववर्ती विपक्षी सरकारों के कार्यकाल के अंतर को प्रत्येक बूथ, गांव, मोहल्ले और चौपाल तक लेकर जाना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को घर-घर पहुंचाकर प्रत्येक बूथ पर ऐतिहासिक विजय दिलाने का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम का सफल संचालन पिछड़ा मोर्चा के जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश यादव ने किया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक तीर्थराज, पूर्व जिलाध्यक्ष मीरा यादव, चुर्क ब्लॉक प्रमुख आलोक सिंह, जिलाध्यक्ष/महामंत्री संतोष शुक्ला, जिला उपाध्यक्ष अमरेश पटेल, पूर्व महामंत्री राम सुंदर निषाद, कृष्ण मुरारी गुप्ता, अनिल सिंह, मनोज सोनकर, प्रमिला जायसवाल, कुसुम शर्मा, बलराम सोनी, संजय जायसवाल, अनूप तिवारी, चुर्क मंडल अध्यक्ष दिलीप चौबे, गुड़िया तिवारी सहित विधानसभा 401 के समस्त बूथ अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
Author: Harsh Vardhan
7 years experience in the field of journalism.






