मिर्जापुर। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुगम व सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार तथा पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक की संयुक्त अध्यक्षता में सम्पन्न हुई इस बैठक में संबंधित विभागीय अधिकारियों को कई अहम एवं कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है, इसलिए दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी बेहतर समन्वय के साथ काम करें।
बैठक के दौरान जिले में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं के मुख्य कारणों, दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट्स), यातायात प्रबंधन, सड़क संकेतकों की उपलब्धता, सड़कों पर अवैध अतिक्रमण, चालकों द्वारा नियमों के पालन तथा जनजागरूकता अभियानों की गहन समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि दुर्घटना संभावित स्थलों का अविलंब चिन्हांकन कर वहां समयबद्ध ढंग से सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही उन्होंने एनएचएआई और टोल प्लाजा संचालकों को निर्देश दिया कि सभी सीसीटीवी कैमरे 24 घंटे सक्रिय रहें और टोल प्लाजा के आसपास भारी वाहनों को कतई न खड़ा होने दिया जाए, जिसके लिए समय-समय पर लाउडस्पीकर से एनाउंसमेंट भी कराया जाए।
स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी ने क्षेत्राधिकारी नगर, जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की तीन दिवसीय संयुक्त जांच टीम गठित की है। यह टीम तीन दिनों के भीतर जिले के सभी विद्यालयों में संचालित वाहनों की जांच करेगी और यह देखेगी कि वाहन मानकों के अनुसार चल रहे हैं या नहीं। मानक पूरे न करने वाले वाहनों पर कठोरतम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा एआरएम रोडवेज को बिना परमिट चल रहे डग्गामार वाहनों के खिलाफ कड़ा अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने कहा कि ओवरस्पीडिंग, शराब पीकर वाहन चलाने, बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट के गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ लगातार चेकिंग अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने विद्यालयों, महाविद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम चलाने पर भी जोर दिया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक राज कुमार दीक्षित, क्षेत्राधिकारी नगर अमित कुमार सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Author: Vinod Garg
2 years experience in the field of journalism.






