रॉबर्ट्सगंज (सोनभद्र): सोनभद्र कलेक्ट्रेट परिसर में सोमवार सुबह उस समय अचानक हड़कंप मच गया, जब जिलाधिकारी कार्यालय के ठीक सामने एक विक्षिप्त युवक ने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ उड़ेलकर आत्मदाह करने का प्रयास किया। इससे पहले कि युवक माचिस जलाकर कोई आत्मघाती कदम उठा पाता, वहाँ मुस्तैद सुरक्षाकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे दबोच लिया और अनहोनी को टाल दिया। युवक मूल रूप से गाजीपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के अंधऊ का रहने वाला आशीष कुमार यादव बताया जा रहा है, जो सोनभद्र जिले में तैनात एक महिला सफाई कर्मी को अपनी पत्नी बताते हुए उससे मुलाकात कराने की जिद पर अड़ा था। सूचना पर तत्काल पहुँची रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस काफी मशक्कत के बाद उसे काबू में कर थाने ले गई, जहाँ पूछताछ के बाद शांति भंग की आशंका में उसका चालान कर दिया गया। पुलिस के अनुसार युवक अत्यधिक नशे में था और उसके मनोरोगी होने की भी प्रबल आशंका है।
घटनाक्रम के अनुसार, आशीष कुमार यादव सुबह करीब 11 बजे कलेक्ट्रेट परिसर पहुँचा था। जिलाधिकारी को वहां न पाकर वह उनके कार्यालय के सामने बरामदे में ही बैठ गया और देखते ही देखते उसने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ छिड़क लिया। पकड़े जाने के बाद युवक चिल्ला-चिल्लाकर आरोप लगाने लगा कि उसकी पत्नी शाहगंज क्षेत्र के एक गांव में सफाईकर्मी है और वह पिछले तीन दिनों से उससे मिलने के लिए दर-दर भटक रहा है। युवक का दावा था कि वह अपनी कथित पत्नी से मिलने के लिए गाजीपुर से पैदल चलकर यहाँ तक आया है और तीन दिनों से शाहगंज क्षेत्र के ही एक प्राथमिक विद्यालय के पास जमा हुआ था, लेकिन उसकी पत्नी उससे मुलाकात नहीं कर रही है। खुद को प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाते हुए उसने महिला को मौके पर बुलाने की मांग उठाई। वहाँ मौजूद अधिकारियों और लोगों ने उसे समझाने-बुझाने की काफी कोशिश की, लेकिन जब वह अपनी जिद से टस से मस नहीं हुआ तो रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस को बुलाया गया। कोतवाली में हुई गहन पूछताछ में पुलिस को पता चला कि यह पूरा प्रकरण गाजीपुर में रहने के दौरान के एक कथित प्रेम संबंध से जुड़ा हुआ है, जिसे लेकर युवक मानसिक संतुलन खो बैठा है।
Author: Harsh Vardhan
7 years experience in the field of journalism.





