घर के रास्ते को जेसीबी से तोड़ने का विरोध करने पर महिला को घर में घुसकर पीटा, जान से मारने की धमकी, जांच में जुटी पुलिस

SHARE:

रॉबर्ट्सगंज (सोनभद्र)। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बुड़हर कला में देर रात दबंगों द्वारा एक महिला के घर जाने वाले रास्ते को जेसीबी मशीन से क्षतिग्रस्त करने और विरोध करने पर घर में घुसकर मारपीट व गाली-गलौज करने का एक गंभीर मामला सामने आया है। घटना को लेकर पीड़ित महिला ने स्थानीय कोतवाली में नामजद तहरीर देकर न्याय और कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस को दी गई तहरीर में प्रार्थिनी रेनू कुशवाहा (पत्नी अवधेश कुमार कुशवाहा), जो मूल रूप से शक्तिनगर जनपद सोनभद्र के खड़िया प्रोजेक्ट (B-37) की निवासी हैं और वर्तमान में रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के ग्राम बुड़हर कला में रह रही हैं, उन्होंने बताया कि सोमवार 6 जुलाई 2026 की रात करीब एक बजे रमेश देव पाण्डेय (पुत्र ओमप्रकाश) अपने पुत्र और दो अन्य अज्ञात साथियों के साथ उनके घर के पास पहुंचे। दबंगों ने अचानक जेसीबी मशीन चलाकर पीड़िता के घर तक जाने वाले एकमात्र रास्ते को बुरी तरह से तोड़ना और खराब करना शुरू कर दिया।

देर रात हो रही इस तोड़फोड़ की आवाज सुनकर जब पीड़िता घर से बाहर निकली और उसने आरोपियों की इस मनमानी का विरोध करते हुए रास्ता खराब करने का कारण पूछा, तो आरोपी रमेश देव पाण्डेय, उनका पुत्र और उनके साथी अचानक उग्र हो गए। दबंगों ने महिला को अकेले पाकर सरेआम भद्दी-भद्दी गालियां देनी शुरू कर दीं और जबरन उनके घर के भीतर दाखिल हो गए। घर में घुसकर सभी आरोपियों ने पीड़िता के साथ बेरहमी से मारपीट की। महिला की चीख-पुकार और शोर-शराबा सुनकर जब आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर जुटने लगे, तो खुद को घिरता देख सभी विपक्षीगण पीड़िता को दोबारा विरोध करने पर जान से मारने की सीधी धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़िता ने इस खौफनाक घटना की लिखित सूचना रॉबर्ट्सगंज पुलिस को दे दी है। कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की छानबीन और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

Navhind Samachar
Author: Navhind Samachar

नव हिन्द समाचार भारत की एक अग्रणी एवं बहुभाषी समाचार एजेंसी है। इसका प्रमुख कार्य अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय, प्रादेशिक, स्थानीय स्तर पर घटित घटनाओं एवं साहित्य, कला, संस्कृति, धर्म, आध्यात्म, अर्थ, व्यापार, खेल, विज्ञान, तकनिक, मनोरंजन, स्वास्थ्य व कानून आदि से जुड़े खबरों को प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया को उपलब्ध कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now