सोनभद्र में संचारी रोगों के खिलाफ DM चर्चित गौड़ ने संभाली कमान, गांव की गलियों में पैदल घूमकर घर-घर जगाई जागरूकता, 40-50 संवेदनशील गांवों में विशेष अभियान के निर्देश

SHARE:

सोनभद्र। जनपद को संचारी रोगों से मुक्त बनाने और ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य के प्रति चेतना जगाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने एक बड़ी मुहिम की शुरुआत की है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बुधवार को बभनौली कला गांव पहुंचकर संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का औचक शुभारंभ किया। अपनी लीक से हटकर काम करने वाली शैली का परिचय देते हुए जिलाधिकारी किसी वीआईपी संस्कृति के बजाय सीधे गांव की तंग गलियों में पैदल उतर गए। उन्होंने घर-घर जाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया और उन्हें संचारी रोगों के लक्षणों, समय पर इलाज और बचाव के तरीकों के प्रति विस्तार से जागरूक किया। जिलाधिकारी को अपने दरवाजे पर खड़ा पाकर ग्रामीण अचंभित रह गए और पहली बार किसी शीर्ष अधिकारी को इस तरह जमीन पर उतरकर काम करते देख ग्रामीणों ने उनकी इस अनूठी पहल की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए आभार जताया।

अभियान के दौरान जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने गांव की साफ-सफाई, जलभराव और नालियों की जमीनी स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों को साफ-सफाई, शुद्ध खान-पान और स्वच्छ वातावरण अपनाने की सामूहिक शपथ दिलाते हुए कहा कि मलेरिया, डेंगू और दिमागी बुखार जैसे संचारी रोगों की रोकथाम के लिए स्वच्छता ही सबसे अचूक और प्रभावी हथियार है। यदि प्रत्येक परिवार अपने घर के आसपास पानी न जमा होने दे और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखे, तो इन बीमारियों को पनपने से पहले ही खत्म किया जा सकता है। मौके पर ही उन्होंने खंड विकास अधिकारी को कड़ी फटकार लगाते हुए निर्देशित किया कि गांवों में नियमित रूप से नालियों की सफाई, फॉगिंग और सड़कों को दुरुस्त रखने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

इस अभियान को पूरे जनपद में प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य और विकास विभाग को एक विशेष कार्ययोजना सौंपते हुए कड़े निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि पूरे जनपद में ऐसे 40 से 50 संवेदनशील गांवों को तत्काल चिन्हित किया जाए, जहां जलभराव या अन्य कारणों से संचारी रोगों के फैलने की सबसे अधिक आशंका रहती है। इन चिन्हित गांवों में युद्धस्तर पर व्यापक जनजागरूकता अभियान, विशेष स्वच्छता अभियान और स्वास्थ्य शिविर जैसी गतिविधियां संचालित की जाएं ताकि समय रहते किसी भी संभावित बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके। उन्होंने इस अभियान को सफल बनाने के लिए आशा बहुओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, एएनएम और सभी संबंधित विभागों के बीच आपसी समन्वय और माइक्रो प्लानिंग पर विशेष जोर दिया। इसके साथ ही अभियान के पहले दिन जनपद के विभिन्न विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को संचारी रोगों से बचाव के लिए विशेष शपथ भी दिलाई गई। इस महत्वपूर्ण अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) वागीश कुमार शुक्ला, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमेश कुमार मिश्रा, जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीत सिंह, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के आला अधिकारी, कर्मचारी और भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Harsh Vardhan
Author: Harsh Vardhan

7 years experience in the field of journalism.

Leave a Comment

Most Recent

Follow Us Now