पगडंडी के सहारे खेत पहुंचे जिलाधिकारी चर्चित गौड़, जीएनएसएस रोवर तकनीक से विशेष पैमाइश अभियान का किया शुभारंभ

SHARE:

सोनभद्र।  मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार जनपद सोनभद्र में 1 जुलाई से 15 अगस्त, 2026 तक चलने वाले जीएनएसएस (ग्लोबल नेविगेशन सैटेलाइट सिस्टम) रोवर तकनीक आधारित विशेष पैमाइश अभियान का बुधवार को बेहद अनूठे अंदाज में आगाज हुआ। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ अपनी चिरपरिचित जमीनी कार्यशैली का परिचय देते हुए खुद पगडंडियों के सहारे पैदल चलकर बभनौली कला गांव के खेतों तक पहुंचे। उन्होंने किसानों के बीच खड़े रहकर अपनी सीधी देखरेख में इस आधुनिक सैटेलाइट तकनीक से जमीनी पैमाइश के कार्य का शुभारंभ कराया। जिलाधिकारी को इस तरह अचानक पगडंडियों के रास्ते पैदल अपने खेतों पर आता देख ग्रामीणों और किसानों में भारी उत्साह दौड़ गया। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी की इस सादगी, संवेदनशीलता और सीधे धरातल पर उतरकर काम करने के अंदाज की मुक्त कंठ से सराहना की और इसे जिला प्रशासन की एक ऐतिहासिक जनहितैषी पहल बताया।

इस महाभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि इस अत्याधुनिक रोवर तकनीक के माध्यम से अब जिले में खेतों, चकमार्गों और राजस्व अभिलेखों की शत-प्रतिशत सटीक और पूरी तरह पारदर्शी पैमाइश सुनिश्चित की जाएगी। इस सैटेलाइट आधारित प्रणाली से मानवीय भूल या पक्षपात की गुंजाइश पूरी तरह खत्म हो जाएगी, जिससे जमीन संबंधी विवादों का हमेशा के लिए खात्मा हो सकेगा। अभियान को पूरी गति और समयबद्धता से चलाने के लिए उन्होंने कड़े निर्देश जारी किए हैं, जिसके तहत जनपद की प्रत्येक तहसील में विशेष रोवर टीमों का गठन किया गया है। यह टीमें प्रतिदिन अनिवार्य रूप से पांच-पांच गांवों का दौरा कर पैमाइश का कार्य पूरा करेंगी। पारदर्शिता को बनाए रखने के लिए पूरी प्रक्रिया की बकायदा फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई जाएगी और दैनिक प्रगति की रिपोर्ट का नियमित रूप से डिजिटल अभिलेखीकरण सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि किसी भी स्तर पर शिथिलता न रहे और जिले के किसानों को उनकी जमीनों का वास्तविक और वैधानिक हक बिना किसी विवाद के मिल सके।

Harsh Vardhan
Author: Harsh Vardhan

7 years experience in the field of journalism.

Leave a Comment

Most Recent

Follow Us Now