सोनभद्र। जिले में ओबरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत बिल्ली मारकुंडी स्थित खैरटिया ग्राम की गोंडवाना बस्ती में संचालित हो रहीं पत्थर खदानें स्थानीय निवासियों के लिए आफत का सबब बन चुकी हैं। इन खदानों में मानकों को ताक पर रखकर की जा रही अनियंत्रित ब्लास्टिंग और अवैध खनन के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश अब फूट पड़ा है। जान-माल के बढ़ते खतरे से आजिज आकर भारी संख्या में ग्रामीणों ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर शिकायती पत्र सौंपा और खदानों को तत्काल बंद कराने की गुहार लगाई। ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि खदान संचालक सभी सरकारी नियमों और पर्यावरणीय शर्तों का खुल्लम-खुल्ला उल्लंघन कर रहे हैं, जिससे पूरी बस्ती का वजूद ही खतरे में पड़ गया है।
ग्रामीणों ने अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि इन खदानों में भारी-भरकम मशीनों के साथ लगातार हैवी ब्लास्टिंग (विस्फोट) की जा रही है। इस भयानक विस्फोट के कंपन से ग्रामीणों के पक्के और कच्चे मकानों की दीवारों में गहरी दरारें पड़ चुकी हैं। हद तो तब हो जाती है जब ब्लास्टिंग के कारण पहाड़ों के बड़े-बड़े पत्थर उड़कर सीधे लोगों के घरों की छतों, आंगनों और रास्तों पर गिर रहे हैं। इससे बस्ती में हर वक्त मौत का साया मंडराता रहता है और लोग अपने ही घरों में रहने को मजबूर हैं। गोंडवाना बस्ती की रहने वाली पार्वती विश्वकर्मा ने एक खौफनाक वाकये का जिक्र करते हुए बताया कि हाल ही में ब्लास्टिंग के दौरान एक विशालकाय पत्थर उनके घर के बेहद करीब आकर गिरा। उस वक्त उनकी मां पास में ही खाना बना रही थीं, जो बाल-बाल बच गईं। उन्होंने रुआंसे मन से कहा कि यदि वह पत्थर किसी मासूम बच्चे या व्यक्ति पर गिर जाता तो मौके पर ही उसकी जान चली जाती।
प्रशासनिक दरबार में पहुंचे ग्रामीणों ने खदान संचालकों की दबंगई पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि जब भी स्थानीय लोग इस जानलेवा ब्लास्टिंग का विरोध करते हैं या अपनी सुरक्षा की मांग करते हैं, तो खदान संचालक और उनके कारिंदे ग्रामीणों को झूठे मुकदमों में फंसाने और जान से मारने की धमकियां देते हैं। हैरान करने वाली बात यह भी है कि ग्रामीणों को आज तक यह भी नहीं मालूम कि उनके घरों के ठीक बगल में यह खदानें आखिर किसके नाम पर अलॉट हैं और कौन इन्हें अवैध रूप से संचालित कर रहा है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने, क्षेत्र में हुई पर्यावरणीय और भौतिक क्षति का आकलन कराने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं, इस मामले में शिकायतकर्ताओं ने बताया कि जिलाधिकारी ने उनकी समस्याओं को बेहद गंभीरता से सुना है और त्वरित कार्रवाई का ठोस आश्वासन देते हुए संबंधित खनन अधिकारी को तत्काल रिपोर्ट के साथ तलब किया है।
Author: Harsh Vardhan
7 years experience in the field of journalism.





