मिशन यूपी विधानसभा: चुनावी मोड में आई भाजपा, बूथ स्तर की सक्रियता परखने के लिए प्रदेश अध्यक्ष करेंगे मैराथन बैठक

SHARE:

 

लखनऊ। पांच राज्यों के चुनावी समर से निपटने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने अब उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए अपनी बिसात बिछाना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में संगठन को धार देने और निचले स्तर पर तैयारियों को पुख्ता करने के उद्देश्य से भाजपा प्रदेश मुख्यालय में बैठकों का दौर तेज हो गया है। सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने क्षेत्रीय अध्यक्षों व प्रभारियों के साथ गहन मंथन किया, जिसमें क्षेत्रवार सांगठनिक मजबूती की समीक्षा की गई। चुनावी तैयारियों को परखने की इस कड़ी में मंगलवार को भी एक बड़ी बैठक बुलाई गई है, जिसमें सभी जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों और प्रदेश पदाधिकारियों की मौजूदगी में मैराथन चर्चा होगी।

पार्टी ने ‘बूथ जीता-चुनाव जीता’ के अपने मूल मंत्र को साकार करने के लिए पहली बार प्रदेश के सभी 1918 मंडलों में प्रवासियों को भेजकर बूथ कमेटियों के सत्यापन का बड़ा अभियान चलाया है। 10 मई तक चले इस सत्यापन कार्य के बाद अब पार्टी का पूरा ध्यान शक्ति केंद्रों और बूथ समितियों को चुनावी मोड में लाने पर है। ज्ञात हो कि भाजपा की बूथ कमेटी 11 सदस्यीय, मंडल कमेटी 61 और जिला कमेटी 91 सदस्यीय होती है, जिनका सक्रिय होना आगामी चुनाव के लिए अनिवार्य माना जा रहा है। सोमवार की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष ने सभी जिलों से तय प्रारूप पर विस्तृत जानकारी मांगी है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि जमीनी स्तर पर संगठन की क्या स्थिति है।

मंगलवार को होने वाली इस महत्वपूर्ण बैठक में सत्यापन रिपोर्ट के आधार पर मंडल और बूथ स्तर की कमेटियों की खामियों को दूर करने और कार्यकर्ताओं में नया जोश भरने की रणनीति तैयार की जाएगी। महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने बीते दिनों खुद प्रवासियों के साथ बैठक कर बूथों की वास्तविक रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए थे। पार्टी का मानना है कि यदि बूथ स्तर का कार्यकर्ता सक्रिय और संगठित रहा, तो विधानसभा चुनाव की राह आसान हो जाएगी। इस सांगठनिक कवायद ने यह स्पष्ट कर दिया है कि भाजपा यूपी चुनाव को लेकर किसी भी स्तर पर ढिलाई बरतने के मूड में नहीं है और समय से पहले ही अपने अभेद्य किले की किलेबंदी शुरू कर चुकी है।

AJEET KUMAR SINGH
Author: AJEET KUMAR SINGH

अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 3 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow Us Now